काबुल में फंसे भारतीय लगा रहे मदद की गुहार, परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल
काबुल, 17 अगस्त। अफगानिस्तान के बिगड़ते हालात के बीच जिस तरह से तालिबान ने काबुल पर अपना नियंत्रण कर लिया है उसके बाद यहां फंसे भारतीय नागरिक भारत सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं। काबुल में फंसे भारतीय नागरिकों ने भारत सरकार से अपील की है कि उन्हें यहां से निकाला जाए। यूपी के चंदौली के रहने वाले सूरज ने कहा कि हमारा परिवार रो रहा है, हम यहां से किसी भी सूरत में निकलना चाहते हैं, हमने हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया था लेकिन हमे उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला, हालांकि हमे मैसेज मिला है।

हालात पर सरकार की नजर
सूरज काबुल में वेल्डर करे तौर पर काम करते हैं और वह इस साल जनवरी माह में ही काबुल पहुंचे हैं। उनके माता-पिता पत्नी और बेटे व भाई यूपी के मुगलसराय के चंदौली में रहते हैं। वहीं विदेश मंत्रालय का कहना है कि हम स्थिति पर नजर बनाए हैं और लगातार उच्च स्तर पर इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में काबुल में सुरक्षा के हालात काफी बिगड़ गए हैं।
भारतीयों के संपर्क में विदेश मंत्रालय
हमे इस बात की जानकारी है कि भारत के कुछ नागरिक अभी भी अफगानिस्तान में हैं जो वापस भारत आना चाहते हैं, हम उनके संपर्क में हैं। इस बीच भारतीय वायुसेना की ओर से एयरफोर्स सी-17 को अफगानिस्तान के काबुल भेजा गया है जहां से 120 भारती अधिकारियों को लेकर विमान आज भारत वापस लौट रहा है। इसमे भारतीय दूतावास के कर्मी, आईटीबीपी के जवान और चार मीडिया पर्सन शामिल हैं।
क्या कहना है विदेश मंत्रालय का
विदेश मंत्रालय की ओर से एक अफगानिस्तान सेल का गठन किया गया है जिसके जरिए अफगानिस्तान से जुड़े मसलों को हल किया जा सके। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अफगान सिख और हिंदु समुदाय के प्रतिनिधियों से हम लगातार संपर्क में हैं। हम उन लोगों को भारत वापसी की सुविधा प्रदान करेंगे जो अफगानिस्तान छोड़ना चाहते हैं। गौर करने वाली बात है कि सोमवार को काबुल एयरपोर्ट पर हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, ये लोग कैसे भी देश से बाहर जाना चाहते थे।












Click it and Unblock the Notifications