भारत में हमास पर प्रतिबंध लगाने का नहीं है कोई प्लान, शीर्ष खुफिया अधिकारी का बयान, भारत के मुसलमान...
India on Hamas: गाजा पट्टी में चल रहे इजराइली ऑपरेशन के बीच सीएनएन-न्यूज18 की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है, कि भारत में हमास पर प्रतिबंध लगाने की कोई योजना नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, हमास के खिलाफ भले ही भारत में प्रतिबंध ना लगाया जाए, लेकिन युवाओं का कट्टरपंथीकरण और साथ ही इजरायल पर 7 अक्टूबर के हमले को "जिहाद की जीत" के रूप में जश्न मनाना, भारतीय सुरक्षा बलों के लिए चिंता का संकेत है।
आपको बता दें, कि कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है, कि 7 अक्टूबर को हमास ने जिस तरह से इडराइल की डिफेंस को भेदते हुए हमला किया था, उसे भारत में कई लोग जिहाद की जीत के रूप में देख रहे हैं, जिसे भारत सरकार के अधिकारी चिंता का संकेत मान रहे हैं।

हमास पर प्रतिबंध लगाने की योजना नहीं
सीएनएन-न्यूज18 की रिपोर्ट में शीर्ष भारतीय अधिकारी के हवाले से कहा गया है, कि "बदला, जश्न और जिहाद में योगदान, ये सभी सुरक्षा कर्मियों के लिए चिंता के संकेत हैं। ज्यादातर भारतीय मुसलमान इजराइल-फिलिस्तीन मुद्दे और निर्दोष नागरिकों पर हमास के हमले के बीच अंतर करने में असमर्थ हैं। फ़िलिस्तीन पर इसके प्रभाव को समझे बिना, वे इसे मुस्लिम भाईचारे की जीत के रूप में देखते हैं।"
सूत्रों ने कहा कि भारत "स्थिति पर सावधानीपूर्वक नजर रख रहा है" और "मुस्लिम समूह अभी इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं, लेकिन संकेत बहुत सकारात्मक नहीं हैं"।
सूत्रों ने कहा, कि "पहली बार, फ़िलिस्तीनी समूहों ने इज़राइल के अंदर हमला किया है और यह, युवाओं और आतंकवादी समूहों के दिमाग में गंभीर विचार छोड़ने जा रहा है। एजेंसियों के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है, कि इजराइल में हमला बाहर से हुआ था, लेकिन अगर भारत में इस तरह का हमला दोहराया गया, तो यह अंदर से होगा, क्योंकि हमारे पास पहले से ही बड़ी संख्या में कट्टरपंथी कश्मीरी आतंकवादी, पाकिस्तानी हथियारों के साथ बैठे हैं।"

हाल ही में, फिलिस्तीन के मुद्दे पर भारत में विभिन्न मस्जिदों में प्रार्थनाएं भी आयोजित की गईं, लेकिन "किसी ने भी यह घोषणा नहीं की, कि हमास का हमला मानवता के खिलाफ था"।
सूत्रों ने कहा, कि भारत सरकार की फिलहाल हमास पर प्रतिबंध लगाने की कोई योजना नहीं है, क्योंकि आतंकवादी संगठन संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबंधित सूची में नहीं है, जिसका भारत आमतौर पर पालन करता है।
"दूसरा, भारत में हमास पर प्रतिबंध लगाने के लिए, इसे यूएपीए के तहत प्रतिबंधित करने की आवश्यकता है, जिसकी फंडिंग, भर्ती और संचालन जैसी अपनी आवश्यकताएं हैं, जो भारतीय क्षेत्र के भीतर होनी चाहिए और हमास ने भारत में ऐसी कोई गतिविधि नहीं की है।"
हालांकि, केरल में हमास नेताओं के वर्चुअल संबोधन ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है, लिहाजा हमास के समर्थन में होने वाली गतिविधियों के खिलाफ कड़ी नजर रखी जा रही है।
सूत्रों ने कहा, कि कुछ साल पहले, नाटो और संयुक्त राज्य अमेरिका पर तालिबान की जीत का जश्न भी मनाया गया था और इससे भारी कट्टरपंथ पैदा हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, "लोग आईएसआईएस की ओर बढ़ने लगे लेकिन समय पर हस्तक्षेप के साथ, एजेंसियां किसी भी बड़े नुकसान को रोकने में कामयाब रहीं। हम मुस्लिम समुदाय के बुजुर्गों के संपर्क में हैं, और उनकी मदद से युवाओं को ऐसी गतिविधियों में शामिल होने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं। हम भारतीय युवाओं को यह समझाने की भी कोशिश कर रहे हैं, कि हमास ने जो किया वह एक आतंकवादी हमला था।"












Click it and Unblock the Notifications