अमेरिका: हाईवे पर हादसे में करनाल के ट्रक ड्राइवर की मौत, जिंदगी की जंग से जूझ रहा अंबाला का साथी
वाशिंगटन, 4 अगस्त: हरियाणा के एक ट्रक ड्राइवर की अमेरिका में हाईवे पर हुए हादसे में जान चली गई। उस ट्रक ड्राइवर की पहचान 37 वर्षीय निर्मल सिंह के रूप में हुई। निर्मल सिंह हरियाणा के करनाल जिले के रहने वाले थे और अपने परिवार के अकेले कमाने वाले थे। हादसे में उनकी मृत्यु हो जाने के बारे में दोस्तों ने बताया कि, अमेरिकी राज्य एरिज़ोना में एक व्यस्त राजमार्ग से उनका वाहन फिसल गया था और उनकी जान चली गई।

निर्मल सिंह अमेरिका के इंडियाना में रहते थे, जो पिछले कुछ वर्षों में वहां सिख ड्राइवरों के केंद्र के रूप में जाना जाने लगा है। बताया जा रहा है कि, निर्मल सिंह के साथ सड़क हादसे की घटना सोमवार रात करीब 11 बजे एरिजोना में फ्लैगस्टाफ के पास हाईवे-40 पर हुई, जब वे अपने वाहन की खेप जॉर्जिया से कैलिफोर्निया की ओर ले जा रहे थे। माना जा रहा है कि, सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी राहुल स्थानीय अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
राहुल अंबाला का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं, निर्मल के दोस्तों के मुताबिक, निर्मल सिंह के परिवार में उनकी पत्नी और एक 11 वर्षीय बेटी हैं- जो करनाल में रहती हैं। पिछले साल उनके 14 वर्षीय बेटे की भी भारत में हुए एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। करीबियों का कहना है कि, निर्मल सिंह कोविड-19 लॉकडाउन के कारण, घर वापस नहीं जा पा रहे थे। वह इस साल के अंत में भारत लौटने की योजना बना रहे थे। हालांकि, अमेरिका में उनके साथ हुआ हादसा जानलेवा साबित हुआ। वह नहीं रहे। बहरहाल, पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
उधर, अमेरिका में ही रहने वाले निर्मल के दोस्तों ने उनके परिवार को सहायता पहुंचाने और उनके अंतिम संस्कार के लिए गोफंड कैंपेन शुरू किया है। निर्मल के दोस्तों का कहना है कि, वे मृतक की पत्नी और बच्ची के लिए संवेदनाएं जताते हैं। उनसे जो सकेगा, वैसी मदद करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications