India Canada Row: भारत नहीं, कनाडा करता है चुनावों में हस्तक्षेप, विदेश मंत्रालय ने ट्रूडो सरकार को लगाई फटकार
भारत ने कनाडा के चुनाव में हस्तक्षेप के आरोप को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। भारत ने आरोप लगाया है कि कनाडा ही भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप कर रहा है। भारत के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कड़े शब्दों में कनाडा में चुनाव में हस्तक्षेप के आरोपों को खारिज कर दिया।
इससे पहले बीते सप्ताह कनाडा की सर्वोच्च विदेशी खुफिया एजेंसी (CSIS) ने एक रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि कनाडा के चुनावों में भारत संभावित रूप से दखल दे सकता है। इसके साथ ही एजेंसी ने चेतावनी दी थी कि विदेशी दखल कनाडा के लोकतंत्र को कमजोर कर रहा है।

गुरुवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने संवाददाताओं से कहा कि, "हमने विदेशी हस्तक्षेप की जांच कर रहे एक कनाडाई आयोग के बारे में मीडिया रिपोर्टें देखी हैं... हम कनाडाई चुनावों में भारतीय हस्तक्षेप के इस तरह के निराधार आरोपों को दृढ़ता के साथ खारिज करते हैं। अन्य देशों की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप करना भारत की नीति नहीं है।"
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार रणधीर जायसवाल ने कहा, 'यहां उल्टी स्थिति है। वास्तव में, इसके बिल्कुल विपरीत है, यह कनाडा है जो हमारे आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप कर रहा है। हम इस मुद्दे को नियमित रूप से उनके साथ उठाते रहे हैं, और हम कनाडा से हमारी मूल चिंताओं को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने के लिए कहते रहते हैं।'
आपको बता दें कि कनाडा में अगले साल अक्टूबर के आसपास संघीय चुनाव होने वाला है। भारत और कनाडा के बीच कुछ महीनों से तनाव का दौर चल रहा है। दोनों देशों संबंधों में तनाव उस वक्त आया था, जब पिछले साल कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत की भूमिका का दावा किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications