हरदीप सिंह निज्जर पर भारत-कनाडा में झगड़ा तेज.. क्या मुसीबत में है दिल्ली, क्या कहता है इंटरनेशनल कानून?
Hardeep Singh Nijjar: कनाडाई प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो ने फिर से घोषणा की है, कि उनकी सरकार भारत सरकार और ब्रिटिश कोलंबिया में एक 'सिख नेता' हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बीच "संभावित संबंध के विश्वसनीय आरोपों" की जांच कर रही है।
विशेषज्ञों ने कहा है, कि अगर ये आरोप साबित हो जाते हैं, तो 18 जून को हरदीप सिंह निज्जर की हत्या विदेशी धरती पर एक लक्षित, न्यायेतर हत्या का प्रतिनिधित्व करेगी और इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन माना जाएगा।
अललजीरा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कनाडाई अंतरराष्ट्रीय आपराधिक एडवोकेट अमांडा घरेमानी का कहना है, कि "कनाडा ने इससे निपटने का जो तरीका चुना है, उससे पता चलेगा कि वह इस मामले को कितनी गंभीरता से ले रहा है।"

हालांकि, भारत ने ब्रिटिश कोलंबियों के सरे के एक गुरुद्वारे के बाहर हुई घातक गोलीबारी में मारे गये सिख आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में किसी भी तरह की संलिप्तता को सिरे से खारिज कर दिया है और सोमवार को कनाडाई संसद में दिए गये प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की टिप्पणियों को "बेतुका" और राजनीति से प्रेरित बताया है।
इसके अलावा, नई दिल्ली ने ओटावा पर सिख "उग्रवाद" को रोकने में विफल रहने का भी आरोप लगाया है और हरदीप सिंह निज्जर के दर्जनों ऐसे वीडियो मौजूद हैं, जिसमें वो अलग खालिस्तान की मांग, भारत के खिलाफ नफरती बयान बाजी और खालिस्तान के लिए हिंसा का समर्थन करता हुआ देखा जा रहा है। वहीं, भारत उसे पहले ही आतंकवादी घोषित कर चुका था।
वहीं, जस्टिन ट्रूडो के सनसनीखेज दावे के बाद अब उनसे सबूत मांगे जा रहे हैं, लेकिन 4 दिन गुजरने के बाद भी कनाडा की तरफ से प्रधानमंत्री के दावों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किए गये हैं। गुरुवार को, ट्रूडो ने इस मामले पर पत्रकारों के सवालों को टालते हुए कहा, कि उनकी सरकार "कानून के शासन के महत्व के बारे में स्पष्ट है और कनाडाई लोगों की सुरक्षा के महत्व के बारे में स्पष्ट है"।
भारत वर्षों से कनाडा पर तथाकथित खालिस्तान आंदोलन के "चरमपंथी" समर्थकों को पनाह देने का आरोप लगाता रहा है, जो आधुनिक भारतीय राज्य पंजाब में सिखों के लिए एक स्वतंत्र मातृभूमि की मांग करता है।
अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, अंतर्राष्ट्रीय कानून विशेषज्ञों ने कहा, कि आने वाले दिनों में जो जानकारी सामने आएगी, वह भारत और निज्जर की हत्या के बीच संभावित संबंधों की प्रकृति का खुलासा करने में महत्वपूर्ण हो सकती है। और यह यह भी दिखा सकता है कि क्या कनाडा अंतर्राष्ट्रीय मदद लेने का इरादा रखता है, और यदि हां, तो कैसे?
घरेमानी ने कहा कि कनाडाई सरकार का दृष्टिकोण इस बात पर निर्भर करेगा कि "वह किस तरह का संदेश भेजना चाहती है, न केवल भारत को, बल्कि किसी अन्य देश को जो कनाडा में इस प्रकार का कृत्य करने के बारे में सोच रहा है"।
कौन से अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन हो सकता है?
सोमवार को हाउस ऑफ कॉमन्स में ट्रूडो ने इस बात पर जोर दिया कि विदेशी सरकार के तत्वावधान में कनाडाई धरती पर कोई भी हत्या देश की संप्रभुता का उल्लंघन होगी।
यूनाइटेड किंगडम में रीडिंग विश्वविद्यालय में सार्वजनिक अंतरराष्ट्रीय कानून के प्रोफेसर मार्को मिलानोविक ने कहा, कि संप्रभुता के आरोप का यह उल्लंघन, अगर सच साबित हुआ, तो इसे "अंतरराष्ट्रीय कानून" के उल्लंघन रूप में जाना जाएगा।
घरेमानी ने कहा, कि यदि भारत इसमें शामिल था, तो यह हत्या संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन होगी, जिसमें कहा गया है, कि "सभी सदस्यों को अपने अंतरराष्ट्रीय संबंधों में किसी भी राज्य की क्षेत्रीय अखंडता या राजनीतिक स्वतंत्रता के खिलाफ फोर्स के उपयोग से बचना चाहिए"।
उन्होंने यह भी बताया, कि अंतर्राष्ट्रीय कानून "राज्यों की अन्य राज्यों के प्रति जिम्मेदारी" को रेखांकित करता है, एक अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार प्रणाली "व्यक्तियों के प्रति जिम्मेदारियों को शामिल करती है"।
उदाहरण के लिए, कनाडा और भारत दोनों नागरिक और राजनीतिक अधिकारों के लिए अंतर्राष्ट्रीय अनुबंध (आईसीसीपीआर) के पक्षकार हैं, यह एक संधि है, जो "जीवन के अधिकार" को स्थापित करती है।
इसका मतलब है, कि इस तरह की हत्या "न केवल अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानून का भी उल्लंघन है।" हालांकि, उन्होंने कहा, कि अतीत में, देशों ने विदेशी धरती पर व्यक्तियों की हत्या के औचित्य के रूप में आत्मरक्षा का हवाला दिया है।
जैसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन ने 2020 में इराक में ईरानी जनरल कासिम सुलेमानी की ड्रोन के जरिए हत्याकर दी थी, साथ ही जब पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के प्रशासन ने 2011 में पाकिस्तान में ओसामा बिन लादेन को मार डाला था, वो भी इसी तरह की घटना में शामिल है।
घरेमानी ने कहा, कि "मुझे लगता है कि सबसे संभावित स्थिति यह है कि भारत इसमें शामिल होने से इनकार कर देगा।"

कनाडा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्या सहारा ले सकता है?
कनाडा ने निश्चित रूप से भारत को हत्या से नहीं जोड़ा है, या संदिग्ध संबंध की जांच को सार्वजनिक करने के अपने फैसले का समर्थन करने के लिए कोई सबूत जारी नहीं किया है।
सरकारी सूत्रों का हवाला देते हुए, कनाडा के सार्वजनिक प्रसारक सीबीसी ने गुरुवार को बताया है, कि निज्जर के मामले में कनाडाई अधिकारियों द्वारा एकत्र की गई खुफिया जानकारी में भारतीय अधिकारियों और कनाडा में स्थित भारतीय राजनयिकों से जुड़े संचार शामिल थे।
रिपोर्ट में कहा गया है, कि कुछ खुफिया जानकारी कनाडा, संयुक्त राज्य अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, यूके और न्यूजीलैंड के "फाइव आइज़" इंटेलिजेंस की तरफ से दिए गये हैं, हालांकि इनमें से वो कौन देश है, उसका खुलासा नहीं किया गया है।
मिलानोविक ने कहा, यह इस बात पर निर्भर करता है कि ट्रूडो और उनकी सरकार इस मुद्दे को कितना आगे बढ़ाने की योजना बना रही है, और यदि निश्चित सबूत सामने आते हैं, तो वे अंततः संयुक्त राष्ट्र के मुख्य न्यायिक अंग, अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) में मामला चला सकते हैं।
लेकिन, उन्होंने कहा, कि "दोनों देशों ने एक एग्रीमेंट साइन किया हुआ है, कि विवाद की स्थिति में मामले का निपटारा अंतर्राष्ट्रीय अदालत में नहीं होगा।"
लिहाजा, "अंतर्राष्ट्रीय कोर्ट में मामला चलाने के लिए भारत की सहमति अनिवार्य है और भारत सरकार निश्चित तौर पर इसकी इजाजत नहीं देगी।"
घरेमानी के अनुसार, यदि उचित मानदंडों को पूरा किया जाता है, तो कनाडा अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार मंच पर भारत के साथ अपने विवाद को सुलझाने की कोशिश कर सकता है। उन्होंने कहा, "इस मामले में, चूंकि यह अधिनियम आईसीसीपीआर का उल्लंघन है, इसलिए यह संभवतः संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार समिति के माध्यम से होगा।"
उन्होंने कहा, कि "लेकिन, यह एक न्यायिक मामला नहीं है, इसलिए यह अदालत का फैसला नहीं होगा, लेकिन यह एक प्रक्रिया होगी, जो दोनों राज्यों के बीच के मुद्दे को संबोधित करेगी।"
...तो कहां जा सकता है ये मामला?
घरेमानी और मिलानोविक दोनों इस बात पर सहमत हैं, कि अंतरराष्ट्रीय अदालत में किसी मामले का फैसला आने से पहले दोनों देशों को कई कदम उठाने होंगे।
और इंटरनेशनल कोर्ट की तरफ मामला बढ़ने के लिए क्या सबूत मिलते हैं, वो सबूत कितने ठोस होते हैं, इनके अलावा कनाडा के पास राजनीतिक इच्छाशक्ति कितनी है और नई दिल्ली की प्रतिक्रिया कैसी होती है, इसपर निर्भर करेगा।
घरेमानी के मुताबिक, कोर्ट जाने से पहले कनाडा, भारत से क्षतिपूर्ति की मांग के लिए द्विपक्षीय बातचीत कर सकता है और इस प्वाइंट पर पहुंच सकता है, कि भविष्य में इस तरह की कार्रवाई ना हो।
मिलानोविक ने कहा, कि "अंतर्राष्ट्रीय विवादों का बेहद छोटा हिस्सा, या यूं कहें, काफी कम मामले ही इंटरनेशनल कोर्ट तक जाते हैं और ज्यादातर मामलों का समाधान डिप्लोमेटिक बातचीत से ही निकाली जाती हैं।"
लिहाजा, एक्सपर्ट इस बात से सहमत है, कि घरेलू राजनीति का लाभ लेने और जियो-पॉलिटिकल बढ़त हासिल करने के अलावा कनाडा के पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं और अंतत: उसे भारत के साथ बातचीत के टेबल पर ही बैठना होगा।












Click it and Unblock the Notifications