'भारत खत्म करवा सकता है रूस-यूक्रेन युद्ध', फ्रांस के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी से फिर की अपील
फ्रांस से राफेल विमान खरीदने के बाद भारत ने फ्रांस की एयरबस कंपनी के साथ एक और महाडील की है, जिसके तहत रतन टाटा की एयर इंडिया कंपनी, फ्रांसीसी कंपनी से 250 विमान खरीदेगी।

India-France: फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने दोहराया है, कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे संघर्ष को समाप्त करने में भारत मदद कर सकता है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एक बार फिर से भारत के सामने रूस और यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ी अपील की है। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा, कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत पूरी दुनिया को लामबंद कर सकता है और "हमारे सामने मौजूद जबरदस्त मुद्दों" को हल करने में मदद कर सकता है।

फ्रांसीसी राष्ट्रपति को भारत से उम्मीदें
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एयर इंडिया-बोइंग डील के दौरान पीएम मोदी के साथ वर्चुअल बैठक के दौरान ये टिप्पणी की है, जिसके तहत एयर इंडिया, फ्रांस की कंपनी एयरबस से 250 विमान खरीदेगी। पीएम मोदी के साथ वर्चुअल बैठक के दौरान फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा, कि "हम यूक्रेन के खिलाफ रूसी आक्रामकता के साथ एक कठिन संदर्भ में भारत की जी20 अध्यक्षता की सफलता के लिए एक साथ काम कर रहे हैं"। उन्होंने पीएम मोदी को संबोधित करते हुए कहा, कि "भारत आपके नेतृत्व में स्पष्ट रूप से पूरी दुनिया को लामबंद कर सकता है और हमारे सामने मौजूद जबरदस्त मुद्दों को हल करने में हमारी मदद कर सकता है"। आपको बता दें, कि पिछले साल सितंबर महीने में भी फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने रूस-यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष को खत्म करने में भारत की भूमिका भी सराहना की थी।

पीएम मोदी की सराहना
संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77 वें सत्र में फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा था , कि "भारत के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी सही थे, जब उन्होंने कहा था, कि ये समय युद्ध के लिए नहीं है। यह पश्चिम के खिलाफ बदला लेने के लिए नहीं है, या पूर्व के खिलाफ पश्चिम का विरोध करने के लिए नहीं है। यह हमारे संप्रभु और समान राज्य के लिए सामूहिक समय का वक्त है।" आपको बता दें, कि पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पिछले साल सितंबर में उज्बेकिस्तान में समरकंद के शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के इतर मुलाकात की थी। उस दौरान पीएम मोदी ने यूक्रेन युद्ध को लेकर व्लादिमीर पुतिन से कहा था, कि 'आज का युग युद्ध का युग नहीं है।' पीएम मोदी की इस टिप्पणी का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्वागत किया था और जी20 संकल्प में भी इसे शामिल किया गया था।
Recommended Video


भारत-फ्रांस में एविएशन डील
आपको बता दें, कि फ्रांस से राफेल विमान खरीदने के बाद भारत ने फ्रांस की एयरबस कंपनी के साथ एक और महाडील की है, जिसके तहत रतन टाटा की एयर इंडिया कंपनी, फ्रांसीसी कंपनी से 250 विमान खरीदेगी। फ्रांस ने भारत के साथ ये डील उस वक्त किया है, जब यूक्रेन युद्ध की वजह से उसकी आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है। इस डील से फ्रांस में नौकरी के कम से कम 10 लाख नये अवसर पैदा होंगे। लिहाजा, फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा, कि "यह उपलब्धि दर्शाती है, कि एयरबस और उसके सभी फ्रांसीसी साझेदार भारत के साथ सहयोग के नए क्षेत्रों को विकसित करने के लिए पूरी तरह से समर्पित हैं। हमने भारत के साथ बहुत कुछ हासिल किया है। भारत और भारतीय लोगों की क्षमता को देखते हुए हमारे पास बहुत आगे जाने का ऐतिहासिक अवसर है।" इसके साथ ही फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ने भारतीय छात्रों, वैज्ञानिकों, कलाकारों, व्यापारियों, महिलाओं और पर्यटकों को फ्रांस आने का न्योता दिया है।












Click it and Unblock the Notifications