बुशरा बीबी से निकाह करते ही बनूंगा प्रधानमंत्री... इमरान खान के सबसे बड़े राजदार ने अदालत में उगले राज
Imran Khan Bushra Bibi Nikah News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान जेल में बंद हैं, लेकिन बाहर उनके राजदार, लगातार एक के बाद एक राज उगल रहे हैं। उनके पूर्व करीबी और राजदार औन चौधरी ने मंगलवार को खुलासा किया है, कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष इमरान खान ने उनसे कहा था, कि "बुशरा बीबी के साथ निकाह के बाद मैं प्रधानमंत्री बनूंगा।"
दरअसल, औन चौधरी ने ये खुलासा कोर्ट रूम में उस वक्त की है, जब इमरान खान और बुशरा बीबी के निकाह को लेकर सुनवाई चल रही है, कि क्या दोनों का निकाह इस्लाम के मुताबिक वैध है या नहीं। औन चौधरी ने इसी सुनवाई के दौरान बतौर गवाह अपना बयान दर्ज कराया है।

इमरान खान के निकाह पर विवाद
इमरान खान और बुशरा बीबी के निकाह को लेकर मामला कोर्ट में इसलिए पहुंचा है, क्योंकि ऐसे आरोप हैं, कि जब बुशरा बीबी अपने पूर्व पति से तलाक लेकर इद्दत में थीं, उस वक्त उन्होंने इमरान खान से शादी कर ली थी और अपनी शादी को छिपाकर रखा था।
गवाहों ने इमरान खान की शादी के विवाद के संबंध में कई अन्य दिलचस्प खुलासे किए गए हैं, जो इमरान की तीसरी शादी के बाद से लंबे समय से चल रहा है।
बुशरा बीबी के पूर्व पति खावर मनेका ने पिछले हफ्ते पीटीआई प्रमुख के अपनी पूर्व पत्नी के साथ निकाह को चुनौती दी थी। यह याचिका इस्लामाबाद में एक जिला और सत्र अदालत में दायर की गई थी, हालांकि, इस याचिका के ठीक एक दिन बाद, इसी तरह की एक याचिका खारिज कर दी गई थी, जिसमें इमरान और पूर्व प्रथम महिला के निकाह को "शरिया के खिलाफ" बताया गया था।
बुशरा बीबी के पूर्व पति खावर मनेका ने अपनी याचिका में पीटीआई प्रमुख के निकाह को धोखाधड़ी करार देते हुए कहा, कि यह शादी इद्दत अवधि (वह समय जब एक महिला अपने पति की मृत्यु के बाद, या तलाक के बाद अलगाव में चली जाती है) के दौरान संपन्न हुई थी।
मंगलवार को स्थानीय अदालत में सुनवाई के दौरान, मुफ्ती सईद - जिन्होंने कथित तौर पर इमरान खान और बुशरा बीबी का दो बार निकाह कराया था, और औन चौधरी, जो शादी के गवाहों में से एक थे, उन्होंने मामले में अपने बयान दर्ज कराए।
मौलवी ने अपना बयान देते हुए सत्र अदालत के न्यायाधीश कुदरतुल्लाह को बताया, कि पीटीआई अध्यक्ष के साथ उनके अच्छे संबंध थे और खान की तीसरी शादी के समय वह पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य थे।
मुफ्ती सईद ने अदालत को बताया, "इमरान खान ने 1 जनवरी 2018 को संपर्क किया और मुझसे बुशरा बीबी के साथ लाहौर में निकाह करने के लिए कहा।"
उन्होंने कहा, कि वह पीटीआई प्रमुख के निर्देशानुसार लाहौर के रक्षा क्षेत्र में गये थे। उन्होंने कहा, "बुशरा बीबी की बहनों" सहित बहुत सारे लोग थे।

मौलवी ने कहा, कि उन्होंने एक महिला से, जिसने खुद को बुशरा बीबी की बहन के रूप में पेश किया था, पूछा कि क्या निकाह के लिए शरिया के तहत सभी आवश्यकताएं पूरी हैं। उन्होंने कहा, जिस पर महिला ने सकारात्मक जवाब दिया और कहा कि निकाह किया जा सकता है।
इस पर जज ने मुफ्ती सईद से पूछा, कि उन्होंने बुशरा बीबी से व्यक्तिगत रूप से सवाल क्यों नहीं पूछा? इस पर मौलवी ने कहा, कि इस समाज में जिस महिला की शादी होने वाली होती है, उससे ऐसे सवाल नहीं पूछे जाते।
मुफ्ती सईद ने तब अदालत को बताया, कि उसने इमरान और बुशरा बीबी का निकाह कराया, जिसके बाद वे बानी गाला में चले गए।
उन्होंने आगे कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने फरवरी 2018 में उनसे दोबारा संपर्क किया और उन्हें बताया गया कि बुशरा बीबी की इद्दत के दौरान जनवरी में निकाह हुआ था।
इस पर जज ने पूछा, कि दोबारा निकाह कराने के लिए उनसे किसने संपर्क किया था। हालांकि, मौलवी ने जवाब दिया, कि उन्हें यह याद नहीं है।
गौरतलब है कि मुफ्ती सईद ने पिछले मामले में अपना बयान दर्ज कराते हुए खान के बुशरा बीबी से निकाह को लेकर भी इसी तरह के खुलासे किये थे।
जबकी अपना बयान दर्ज करते समय, औन चौधरी ने अदालत को बताया, कि वह निकाह के गवाहों में से एक थे और जब मुफ्ती सईद ने बुशरा बीबी से निकाह से पहले उसकी वैवाहिक स्थिति के बारे में पूछा, तो उसने उसे बताया कि उनका तलाक हो चुका है और शादी के लिए सभी आवश्यकताएं पूरी हो चुकी हैं।
औन ने कहा कि इमरान और बुशरा बीबी के निकाह की खबरें जल्द ही मीडिया में आ गईं लेकिन जब इद्दत के दौरान निकाह की खबरें सामने आईं तो उन्होंने चुप्पी साध ली.
उन्होंने कहा कि पीटीआई अध्यक्ष ने उन्हें मीडिया रिपोर्टों पर चुप रहने को कहा और कहा कि वह फरवरी 2018 में बुशरा बीबी के साथ दूसरा निकाह करेंगे.
औन चौधरी ने कहा, कि बुशरा बीबी ने उन्हें बताया, कि उनकी इद्दत 14 से 18 फरवरी के बीच पूरी हो गई थी, जिसके बाद फरवरी में उनका और इमरान खान का दूसरा निकाह हुआ।
उन्होंने कहा, "मैं वहां मौजूद था और कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। मैं और जुल्फी बुखारी दूसरे निकाह के गवाह बने।"
पीटीआई अध्यक्ष के पूर्व सहयोगी ने आगे कहा, कि इमरान ने उनसे कहा कि अगर वह बुशरा बीबी से शादी कर लें तो वह प्रधानमंत्री बन जायेंगे।
औन चौधरी ने इमरान खान के हवाले से कहा, "मैंने जानबूझकर इद्दत के दौरान पहला निकाह किया।"
उन्होंने दावा किया, कि पहला निकाह धोखाधड़ीपूर्ण था क्योंकि यह एक भविष्यवाणी के प्रभाव में था और शरिया और कानून के खिलाफ था।
बयान पूरे होने के बाद अदालत ने मामले में तीसरे गवाह को अगली सुनवाई पर तलब करते हुए कार्यवाही 2 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी।

बुशरा बीबी के 'काले जादू' से बने प्रधानमंत्री?
आपको बता दें, कि पाकिस्तान में मशहूर है, कि बुशरा बीबी जादू-टोना जानती हैं। और जब इमरान खान प्रधानमंत्री बने थे, उसी वक्त से पाकिस्तान में चर्चा होने लगी थी, कि बुशरा बीबी ने इमरान खान से कहा था, कि उनसे शादी कर वो प्रधानमंत्री बन सकते हैं।
लिहाजा, 2018 में चुनाव से ठीक पहले इमरान खान ने आनन-फानन में बुशरा बीबी से निकाह किया था और वाकई इमरान खान प्रधानमंत्री बन गये थे। लेकिन, उनकी शादी को लेकर विवाद तब शुरू हो गया, जब दावा किया गया, कि बुशरा बीबी ने शरिया कानून के खिलाफ इद्दत की अवधि में इमरान खान से शादी की है, लिहाजा उनकी शादी रद्द की जानी चाहिए।
इस मामले की सुनवाई कोर्ट में चल रही है, जिसमें दो प्रमुख गवाहों ने, जिनमें एक निकाह करवाने वाले मौलवी हैं, उन्होंने भी अपनी गवाही दे दी है और उनकी गवाही, इमरान खान के खिलाफ है, लिहाजा ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं, कि इमरान खान की शादी को कोर्ट अवैध भी ठहरा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications