Pakistan News: आज खैबर पख्तूनख्वा में ललकार भरेंगे इमरान खान, आंतरिक मंत्री ने जारी की चेतावनी
पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री राणा सनाउल्लाह की चेतावनी के बीच आज पूर्वी खैबर पख्तूनख्वा के एबटाबाद में इमरान खान एक विशाल रैली को संबोधित करने वाले हैं...
खैबर पख्तूनख्वा, मई 08: पिछले दो महीने से इमरान खान पाकिस्तान की राजनीति में तूफान मचाए हुए हैं और आज फिर इमरान खान अपने गढ़, यानि खैबर पख्तूनख्वा में विशालकाय जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। खैबर पख्तूनख्वा, पाकिस्तान का वो इलाका है, जहां इमरान खान की पकड़ काफी मजबूत है अभी भी खैबर पख्तूनख्वा में इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ ही सत्ता में है और इमरान खान की इस रैली को लेकर पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री ने चेतावनी दी है, कि स्थिति अराजक हो सकती है।

खैबर पख्तूनख्वा में इमरान की रैली
पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री राणा सनाउल्लाह की चेतावनी के बीच आज पूर्वी खैबर पख्तूनख्वा के एबटाबाद में इमरान खान एक विशाल रैली को संबोधित करने वाले हैं और इमरान की रैली में लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहबाज शरीफ सरकार के हाथ-पांव फूले हुए हैं। माना जा रहा है, कि इमरान खान एक बार फिर से पाकिस्तान की सेना और अमेरिका के खिलाफ आक्रामक बयानबाजी करेंगे और उनकी बयानबाजी से पाकिस्तान की राजनीति में उथल-पुथल मच जाएगी। इससे पहले इमरान सरकार में आंतरिक मंत्री रहे शेख रशीद ने कहा था, कि पाकिस्तान में खूनी संघर्ष हो सकता है।

आंतरिक मंत्री की गंभीर चेतावनी
पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री ने चेतावनी दी है, कि सरकार देश में अराजकता जैसी स्थिति को जारी नहीं रहने देगी। वहीं, इमरान खान की जनसभा में अराजता की स्थिति ना आए, इसके लिए कुल 700 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। बैठक में इमरान खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। एआरवाई न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री महमूद खान और कार्यवाहक राज्यपाल मुश्ताक गनी रैली को संबोधित करेंगे। इमरान खान की ये रैली इस्लामाबाद में प्रस्तावित 'लांग मार्च'से पहले हो रही है, जिसे इमरान खान ने "भ्रष्ट और आयातित सरकार" के गठन के विरोध में आयोजित करने की घोषणा की है।

क्या करेगी शहबाज शरीफ की सरकार?
इससे पहले, एक वीडियो संदेश में, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों से प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार के खिलाफ एक लंबा मार्च और विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया है किस हर पाकिस्तानी, चाहे वह पीटीआई समर्थक हो या नहीं, देश के 'घोर अपमान' के विरोध में मई के अंतिम हफ्ते में इस्लामाबाद की ओर मार्च करेगा'। इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को सत्ता से बेदखल करने की एक कथित "विदेशी साजिश" के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ देश भर में कई विरोध प्रदर्शन किए हैं। आपको बता दें कि, पाकिस्तान नेशनल असेंबली में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए इमरान खान को सत्ता से बाहर कर दिया गया था और शहबाज शरीफ पाकिस्तान के नये प्रधानमंत्री बन गये हैं।

पाकिस्तान में गृहयुद्ध की स्थिति?
पाकिस्तान के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है, कि देश की एक बड़ी आबादी ने सेना के खिलाफ ही मोर्चा खोल रखा है और सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी सेना को गालियां दी जा रही हैं। जिसको लेकर पूर्व पीएम इमरान खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की मेगा रैली से पहले, पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री राणा सनाउल्लाह ने शनिवार को चेतावनी दी थी, कि सरकार देश में अराजकता जैसी स्थिति को जारी नहीं रहने देगी। गृह मंत्री ने सत्तारूढ़ सरकार के खिलाफ जनता को भड़काने और गुमराह करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री की आलोचना की है। लाहौर सत्र अदालत के बाहर मीडिया को संबोधित करते हुए सनाउल्लाह ने कहा, "उन्हें [सरकार को] आश्वासन देना होगा कि मार्च शांतिपूर्ण, राजनीतिक और लोकतांत्रिक होगा।"












Click it and Unblock the Notifications