इमरान खान के नंबर-2 शाह महमूद कुरैशी हाउस अरेस्ट, PTI के खिलाफ आर्मी का फिर से 'ऑपरेशन सर्चलाइट'?
Pakistan News: पाकिस्तान की सेना ने इमरान खान की पार्टी को बर्बाद करने के लिए अभियान शुरू किया है। लिहाजा, इमरान खान की पार्टी के नेताओं का इस्तीफा देना लगातार जारी है।

Pakistan Imran Khan News: पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के वॉयस प्रेसिडेंट शाह महमूद कुरैशी और पीटीआई के बड़े नेता जमशेद चीमा और उनकी पत्नी मुसर्रत चीमा को मेंटेनेंस ऑफ पब्लिक ऑर्डर (एमपीओ) की धारा 3 के तहत 15 दिनों के लिए नजरबंद कर दिया गया है।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रावलपिंडी के कमिश्नर ने इन नेताओं को नजरबंद करने के आदेश दिए हैं और कहा है, कि उन्हें किसी भी हाल में घर से बाहर निकलने नहीं दिया।
पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी, मुसर्रत चीमा और जमशेद चीमा को 15 दिनों के लिए नजरबंद कर दिया गया है। इससे पहले, शाह महमूद कुरैशी और मुसर्रत जमशेद चीमा को मंगलवार को अदियाला जेल के बाहर से गिरफ्तार किया गया था। उन्हें उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने उन्हें रिहा करने का आदेश दिया था।
इससे पहले भी पाकिस्तान के कई पत्रकारों ने दावा किया है, कि शाह महमूद कुरैशी इमरान खान से अलग हो सकते हैं और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ से इस्तीफा दे सकते हैं, लेकिन आज उन्होंने पार्टी छोड़ने की खबरों का खंडन करते हुए कहा, कि "मैं पार्टी नहीं छोड़ रहा हूँ। मैं पार्टी के साथ हूं और पार्टी के साथ रहूंगा।"
बताया गया है, कि शाह महमूद कुरैशी को काफी टॉर्चर किया गया है और कई पीटीआई नेता, टॉर्चर से परेशान होकर इस्तीफा दे चुके हैं।
पीटीआई के खिलाफ 'ऑपरेशन सर्चलाइट'
आपको बता दें, कि इमरान खान की पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है, जिनके खिलाफ आर्मी कोर्ट में मुकदमा चलाया जाएगा। इमरान खान ने कहा है, कि करीब 10 हजार कार्यकर्ताओं को पकड़ा गया है।
कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है, कि पाकिस्ता सेना ने 1971 से पहले जिस तरह से बांग्लादेश में 'ऑपरेशन सर्चलाइट' चलाया था और 30 लाख से ज्यादा लोगों की हत्या कर दी थी और 10 लाख महिलाओं के साथ बलात्कार किया था, कुछ वैसी ही स्थिति पाकिस्तान में फिर से बन गई है और इस बार पाकिस्तानी सेना, अपने ही देश की जनता, जो इमरान खान का समर्थन करती है, उसके खिलाफ 'ऑपरेशन सर्चलाइट' चला रही है।
इस बीच संयुक्त राज्य अमेरिका ने पाकिस्तान में राजनीतिक अराजकता के बारे में एक सवाल के जवाब में पाकिस्तानी लीडरशिप से लोकतांत्रिक सिद्धांतों का सम्मान करने का आह्वान किया है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा, कि "मैं कहूंगा, जैसा कि हमने पहले कहा है, हम पाकिस्तान में स्थिति की बहुत बारीकी से निगरानी करना जारी रखेंगे। पाकिस्तान के अंदर किसी एक राजनीतिक उम्मीदवाक को लेकर हमारी स्थिति नहीं है, लेकिन हम लोकतांत्रिक सिद्धांतों के सम्मान और समान रूप से लागू होने, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और कानून के शासन का आह्वान करते हैं और निश्चित रूप से पाकिस्तान में हम आग्रह करते हैं कि इन सिद्धांतों का सभी लोगों के लिए सम्मान किया जाए।"
दूसरी तरफ खैबर पख्तूनख्वा के कार्यवाहक प्रांतीय सूचना मंत्री फिरोज जमाल शाह काकाखेल ने कहा है, कि 9 मई को पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान की गिरफ्तारी के मद्देनजर खैबर पख्तूनख्वा में 49,000 से ज्यादा लोगों ने हिंसक विरोध प्रदर्शन में भाग लिया है।
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, उन्होंने कहा, कि पुलिस ने अब तक हिंसक विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में 2,528 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। मंत्री ने कहा, कि दंगाइयों ने 9 और 10 मई को पूरे प्रांत में लगभग 198 स्थानों पर सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन किया और 443 सड़कों को अवरुद्ध कर दिया था।
Recommended Video

वहीं, लाहौर पुलिस ने पीटीआई के 700 से ज्यादा नेताओं के विदेश यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है और उनके नाम, उनकी विदेश यात्रा पर प्रतिबंध लगाने के लिए संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) को भेजे हैं।
वहीं, डॉन न्यूज की रिपोर्ट में कहा गया है, कि इमरान खान के समर्थकों के खिलाफ आर्मी की फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाएगा। माना जा रहा है, कि इस बार कई इमरान समर्थकों को फांसी और उम्र कैद की सजा सुनाई जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications