करप्शन के मुद्दे पर नवाज शरीफ पर भड़के इमरान खान, पीएम मोदी की तारीफ की
एक रैली में बोलते हुए पाकिस्तान तहरीक -ए-इंसाफ के अध्यक्ष (PTI) इमरान खान (Imran Khan) ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर देश के पूर्व पीएम नवाज शरीफ पर हमला बोला।
इस्लामाबाद, 22 सितंबर : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक बार फिर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। वहीं दूसरी तरफ खान ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एन) के सुप्रीमो नवाज शरीफ से तुलना करते हुए पीएम मोदी की तारीफ की।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भड़के इमरान
एक रैली में बोलते हुए पाकिस्तान तहरीक -ए-इंसाफ के अध्यक्ष (PTI) इमरान खान (Imran Khan) ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर देश के पूर्व पीएम नवाज शरीफ पर हमला बोला। खान ने कहा कि नवाज शरीफ ने पाकिस्तान ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अरबों रुपये की संपत्ति बटोर रखी है। दुनिया में नवाज शरीफ के अलावा कोई ओर नेता नहीं है, जिसके पास इतनी प्रॉपर्टी हो।

पीएम मोदी के पास विदेशों में कितनी प्रॉपर्टी है?
इमरान ने कहा, 'मुझे एक ऐसे देश के बारे में बताएं जिसके प्रधानमंत्री या नेता के पास देश के बाहर अरबों की संपत्ति हो। हमारे पड़ोसी देश में भी पीएम मोदी के पास भारत के बाहर कितनी प्रॉपर्टी है?' कुछ भी तो नहीं।' इमरान खान ने कहा, 'कोई नहीं सोच सकता कि नवाज के पास विदेश में कितनी प्रॉपर्टी है।' यह पहली बार नहीं है जब इमरान खान ने भारत की तारीफ की है। इससे पहले भी वह भारत की विदेश नीति की तारीफ करते नजर आए थे।

भारत की विदेश नीति की तारीफ
पश्चिमी देशों के मना करने के बावजूद रूस से सस्ता तेल खरीदने पर इमरान खान ने भारत की विदेश नीति की जमकर प्रशंसा की थी। वहीं, पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार को लताड़ लगाते हुए इमरान खान ने कहा था कि भारत अमेरिका का दोस्त होते हुए भी अपने देश के हित में रूस से सस्ता तेल खरीद रहा है। वहीं पाकिस्तान की सरकार बिना सिर के चिकन की तरह हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

इमरान की घोषणा
इसके अलावा, पूर्व प्रधानमंत्री ने शनिवार को अपने हक़ीक़ी आज़ादी आंदोलन को फिर से शुरू करने की घोषणा की और राष्ट्र से उनके आह्वान पर उनसे जुड़ने की अपील की।












Click it and Unblock the Notifications