इमरान खान ने किया जीत का दावा, बोले- हमारे लोगों ने अपना फैसला दे दिया
पाकिस्तान में आम चुनाव के बाद मतगणना जारी है। मतगणना में इमरान खान की पार्टी पीटीआई को बहुमत मिलता नजर आ रहा है। इस बीच पूर्व प्रधानमंत्री और तहरीक ए इस्लाम के मुखिया इमरान खान ने जीत का दावा किया है।
उन्होंने कहा कि लोगों ने उनकी पार्टी को चुनने का संकल्प दिखाया है, बड़ी संख्या में लोगों ने हमारी पार्टी को वोट दिया है। जेल में बंद इमरान खान ने मांग की है कि फॉर्म 45 की सुरक्षा की जाए ताकि लोगों ने जो फैसला दिया है उसकी रक्षा होनी चाहिए।

इसके साथ ही इमरान खान ने अपनी जीत का विश्वास दिखाते हुए कहा कि कोई भी उस विचार को हरा नहीं सकता है जिसका समय आ चुका है।
इमरान खान ने कहा कि लोगों की इच्छा को दबाने के लिए हर संभव प्रयास किए गए, हर तरीकों को अपनाया गया, लेकिन हमारे लोगों ने खुलकर अपनी बात रखी और बड़ी संख्या में लोग वोट के लिए आए। हम लगातार कहते आ रहे हैं कि कोई भी ताकत उस विचार को हरा नहीं सकता है जिसका समय आ चुका है।
अब जरूरी है कि वोटों की सुरक्षा के लिए फॉर्म 45 की रक्षा की जाए। बता दें कि फॉर्म 45 पाकिस्तान चुनाव आयोग का मतगणना का स्टेटमेंट होता है।
पाकिस्तान की मीडिया समा टीवी के अनुसार फॉर्म 45 सामान्य तौर पर मतगणना के नतीजे को कहा जाता है, यह एक अहम मतगणना की प्रक्रिया है। किसी भी पोलिंग स्टेशन पर कितना वोट पड़ा है उसके दस्तावेज को पारदर्शी तौर पर सुरक्षित रखा जाता है।
सोशल मीडिया पर इमरान खान ने एक ग्राफिक को शेयर किया है जिसमे पीटीआई समर्थित 125 उम्मीदवार जीतते नजर आ रहे हैं, जबकि पीएमएल 44, पीपीपी 28, एमक्यूएम 9 और जेयूआई 4 सीटों पर जीतती नजर आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications