कोविड प्रतिबंधों में ढील: हांगकांग भारत समेत 9 देशों की उड़ानों से हटाएगा बैन
नई दिल्ली, 21 मार्च: पूरी दुनिया अभी भी कोरोना महामारी से प्रभावित है, लेकिन वैक्सीन आने की वजह से अब लोग गंभीर रूप से बीमार नहीं पड़ रहे हैं। ऐसे में सभी देश प्रतिबंधों में ढील दे रहे हैं। इसी क्रम में हांगकांग ने भी एक बड़ा फैसला लिया, जिसके तहत भारत और 8 अन्य देशों की उड़ानों पर से प्रतिबंध हटाया जाएगा। नए नियम आगामी एक अप्रैल से लागू हो रहे हैं।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक हांगकांग की सरकार ने कोविड प्रतिबंधों में ढील देने की योजना बनाई है। ऐसे में अगर हांगकांग पहुंचा कोई शख्स कोरोना निगेटिव आता है, तो होटल क्वारंटीन का समय भी घटाकर आधा कर दिया जाएगा। अभी जारी सूची में भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया जैसे बड़े देशों का नाम शामिल है।
मामले में हांगकांग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैरी लैम ने कहा कि कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए जनवरी 2022 में भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, फिलीपींस और नेपाल से आने वाली फ्लाइट्स पर रोक लगा दी गई थी, लेकिन अब हालात सुधरने पर ये फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार अन्य नियमों में भी ढील देने की योजना बना रही है, लेकिन उसको चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
लैम ने आगे कहा कि डिनर के लिए शहर के रेस्टोरेंट फिर से खुलेंगे, लेकिन वहां पर सिर्फ चार ही लोगों को एक साथ खाने की अनुमति होगी। इसके अलावा जिम, मसाज पार्लर और सार्वजनिक मनोरंजन केंद्रों को भी फिर से खोला जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे शहर के अनिवार्य सामूहिक परीक्षण को भी रोकने की योजना है, क्योंकि इससे तनाव बढ़ता है। हालांकि वो हालात की निगरानी कर रहे हैं, इसके बाद ही इन सब मुद्दों पर फैसला होगा।
रविवार को थे ये हालात
आपको बता दें कि हांगकांग में रविवार को 14149 नए मामले सामने आए थे, जबकि 246 लोगों की मौत हुई। वहीं भारत में भी हालात सुधर गए हैं, जहां रविवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 1549 नए मामले सामने आए थे, जबकि कोरोना से 31 लोगों ने जान गंवाई।












Click it and Unblock the Notifications