ईरान में 9 पाकिस्तानियों की गोलीमार की हत्या, तेहरान में राजदूत ने की पुष्टि, किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी
ईरान-पाकिस्तान बॉर्डर के पास अज्ञात बंदूकधारियों ने 9 पाकिस्तानी लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी है। तेहरान में पाकिस्तान के राजदूत मुद्दसिर टीपू ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शनिवार को ईरानी शहर सरावन में नौ पाकिस्तानी मारे गए।
सबसे पहले ईरान की मेहर समाचार एजेंसी ने रिपोर्ट दी थी कि शनिवार सुबह अज्ञात हथियारबंद लोगों ने सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में सरवन शहर में एक घर में नौ गैर-ईरानी लोगों की हत्या कर दी है। एजेंसी ने कहा कि किसी भी समूह या व्यक्ति ने जिम्मेदारी का दावा नहीं किया है।

बलूच लोगों के लिए एक वकालत समूह हैलवाश ने ऑनलाइन तस्वीरें साझा कीं हैं। इसमें पीड़ितों के शव दिखाई दे रहे हैं। इसमें कहा गया है कि तीन और लोग घायल हो गए हैं।
इसमें कहा गया है कि वे पाकिस्तानी नागरिक थे और उनमें से चार की पहचान करते हुए कहा गया है कि सभी पीड़ित एक ऑटो मरम्मत की दुकान में कर्मचारी थे। आपको बता दें कि यह घटना ईरान की तरफ से पाकिस्तान पर किए गए हमले के 12 दिन बाद हुई है। दरअसल, 16 जनवरी की रात पाकिस्तान के बलूचिस्तान में ईरान ने मिसाइल और ड्रोन्स से हमला किया था।
इसके ठीक एक दिन के बाद ईरानी हमले के जवाब में पाकिस्तान ने ईरान में 48 किमी अंदर की एयरस्ट्राइक की थी। यह हमला सरवन शहर में हुआ था।
इस बीच दोनों देशों के बीच गतिरोध को दूर करने के लिए ईरानी विदेश मंत्री हुसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन अपने पाकिस्तानी समकक्ष जलील अब्बास जिलानी के निमंत्रण पर रविवार को इस्लामाबाद पहुंचेंगे।












Click it and Unblock the Notifications