अमेरिका: न्यू जर्सी में यूपी के परिवार के चार लोगों की मौत, घर में संदिग्ध हालत में मिले शव, हत्या की आशंका
अमेरिका में न्यू जर्सी के प्लेन्सबोरो शहर में एक भारतीय मूल के जोड़े और उनके दो बच्चे अपने आवास पर मृत पाए गए हैं। उनके मौत का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्लेन्सबोरो टाउनशिप पुलिस विभाग ने कहा कि मामले की जांच एक हत्या के रूप में की जा रही है।
प्लेन्सबोरो टाउनशिप पुलिस विभाग ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मृतकों की पहचान तेज प्रताप सिंह (43), उनकी पत्नी सोनल परिहार (42) और उनके दो नाबालिग बच्चों के रूप में की गई है, जो 4 अक्टूबर की शाम को मृत पाए गए थे।

प्लेन्सबोरो टाउनशिप पुलिस विभाग ने एक अधिकारी ने कहा कि प्लेन्सबोरो में टाइटस लेन से मृतक परिवार के पड़ोसियों ने सूचना दी कि कुछ समय से घर में कोई हलचल नहीं हो रही है। जब वे वहां पहुंचे तो घर में चार मृत शव मिले।
जानकारी के मुताबिक न्यू जर्सी के प्लेंसबोरो के टाइटेंस लेन में भारतवंशी इंजीनियर तेज प्रताप सिंह (40) कई सालों से रह रहे थे। वहां उनका अपना फ्लैट था। तेज प्रताप सिंह ने कानपुर IIT से बीटेक किया था।
2009 में उन्हें अमेरिकी कंपनी में नौकरी मिली जिसके बाद वे परिवार सहित वहां जाकर बस गए। 2013 में सोनल ने बेटे आयुष को जन्म दिया। इसके तीन साल बाद सोनल ने बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम एमी रखा गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक न्यू जर्सी सिटी से 400 किलोमीटर दूर तेज प्रताप सिंह का साला सत्यम रहता था। एक लोकल न्यूज चैनल में भारत के रहने वाले दंपति और उनके बच्चों की मौत की खबर जब सत्यम ने देखी तो वह सन्न रह गया।
सत्यम ने ही जालौन के उरई में रहने वाले मृतक के परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद तो घर में मातम छा गया। गुरुवार को तेज प्रताप का जन्मदिन था, लेकिन स्वजन को उनकी मौत की खबर मिली। घटना कैसे हुई यह किसी को पता नहीं है।
फिलहाल परिवार के कुछ सदस्य दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं, जहां वह भारतीय दूतावास से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी लेने में जुटे हुए हैं।
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस अब इस घटना की जांच हत्या के रूप में कर रही है। उन्होंने संकेत दिया है कि परिवार की मौतें हत्या-आत्महत्या हो सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications