Roman Starovoit: दो दिन पहले पुतिन ने बर्खास्त किया, अब झाड़ियों में मरा मिला रूसी परिवहन मंत्री, किस पर शक?
Roman Starovoit: 1991 में सोवियत संघ के विघटन के बाद व्लादिमीर पुतिन ने अपने शहर सैंट पीटर्सबर्ग से नगर पालिका चुनाव के जरिए रूसी राजनीति में कदम रखा था। महज 8 साल में पुतिन नगर पालिका के चुनाव से निकलकर रूस के प्रधानमंत्री बने और फिर महज पांच महीने बाद ही 1999 में रूस के राष्ट्रपति बने। जब इसके पीछे कारण तलाशते हैं तो एक बात निकलकर सामने आती है वो ये कि वे अपने कॉम्प्टीटर्स या विरोधियों को जिन तरीकों से ठिकाने लगाते हैं उनसे उनकी राजनीति तो छोड़िए दुनिया में वापसी मुश्किल हो जाती है।
पुतिन के पूर्व परिवहन मंत्री की रहस्यमयी मौत?
उनके ज्यादातर विरोधी किसी जमाने में उनके करीबी रहे लेकिन जैसे ही वो करीबी अपना दायरा लांघने की कोशिश करते हैं तो या तो वे हटा दिए जाते हैं या फिर निपटा दिए जाते हैं। ऐसा कुछ हुआ है अब रूस पूर्व परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइत के साथ, रोमन को 2024 में रूस का परिवहन मंत्री बनाया गया, उनके कार्यकाल में कुर्स्क इलाके में कुछ गड़बड़ियां हुईं, यूक्रेन की सेना कुर्स्क में घुसपैठ की जिसकी जांच के बाद उन्हें 7 जुलाई 2025 को पद से हटाया गया और 9 जुलाई 2025 को वे मृत पाए गए।

दो दिन पहले पुतिन ने किया था बर्खास्त
रूसी जांच एजेंसी ने जानकारी दी है कि रूस के पूर्व परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइत मृत पाए गए हैं। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को ही उन्हें पद से हटाया था और उनकी बर्खास्तगी का कोई कारण नहीं बताया गया था। इसके तुरंत बाद ही उप परिवहन मंत्री आंद्रेई निकितीन को नया मंत्री नियुक्त किया गया था। अब जांच एजेंसी इस घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। जैसे कि येवगेनी प्रिगोझिन के मामले में कर रही थीं।
दो दिन पहले हुई मौत, बाद में चला पता
फ़ोर्ब्स मैग्जीन ने जांच एजेंसी से जुड़े सूत्रों के हवाले से लिखा है कि स्टारोवोइत की मौत संभवतः शनिवार और रविवार की रात को हुई थी, यानी कि उन्हें पद से हटाने के एक या दो दिन पहले। रूसी संसद के निचले सदन स्टेट ड्यूमा की डिफेंस कमेटी के प्रमुख आंद्रेई कार्तपोलोव ने भी रूसी मीडिया संस्थान आरटीवीआई से बातचीत में कहा कि स्टारोवोइत की मृत्यु "काफ़ी पहले हो चुकी थी।"
झाड़ी में मरे मिले स्टारोवोइत
जिस अवस्था में स्टारोवोइत शव मिला वो भी अजीब है और तमाम संदेह भी खड़े करती है। आरबीसी की रिपोर्ट के मुताबिकक, सोमवार को स्टारोवोइत अपनी कार से कुछ मीटर की दूरी पर एक झाड़ी के पीछे मृत पाए गए। ओडिंटसोवो की जिस पार्किंग में उनका शव मिला, वहां काम कर रहे जांचकर्ताओं की तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं और ये भी कहीं और ही इशारा कर रहे हैं।
जहां यूक्रेन ने की थी घुसपैठ वहां गवर्नर थे स्टारवोइत
मंत्री बनने से पहले, स्टारवोइत लगभग पांच साल तक यूक्रेन की सीमा से सटे कुर्स्क क्षेत्र के गवर्नर रहे थे। उनके बाद एलेक्सी स्मिरनोव को वहां का गवर्नर नियुक्त किया गया। इससे पहले स्मिरनोव ने कुर्स्क सरकार के प्रमुख के रूप में काम किया था। मीडिया सूत्रों की माने तो, स्टारोवोइत के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जा सकता था। 'कोमर्सेंट' ने लिखा है कि कुर्स्क के वर्तमान गवर्नर स्मिरनोव ने पूर्व मंत्री स्टारोवोइत के खिलाफ गवाही दी थी। आरबीसी के मुताबिक, इस बात की जांच चल रही थी कि क्या स्टारोवोइत कुर्स्क क्षेत्र में किलेबंदी निर्माण के दौरान भ्रष्टाचार में शामिल थे या नहीं। कुर्स्क वही इलाका है जहां घुसने में यूक्रेन की सेना सफल रही थी।
किस भ्रष्टाचार में लिप्त थे स्टारवोइत
स्टारवोइत पर आरोप क्या थे वो भी समझ लेते हैं। रूसी स्टेट एजेंसियों के मुताबिक, 2022-2023 में कुर्स्क सरकार को जो धनराशि आवंटित हुई थी, उसमें भ्रष्टाचार हुआ था। उस समय क्षेत्र के गवर्नर स्टारोवोइत ही थे। ऐसा माना जा रहा है कि अपने पूर्व डिप्टी एलेक्सी स्मिरनोव की गिरफ्तारी के बाद रोमान स्टारोवोइत ने बीते तीन महीने अपने भविष्य को लेकर भय और आशंका में बिताए। क्योंकि रूस में यह आम बात है कि गिरफ्तार व्यक्ति अक्सर अपने सीनियर अधिकारी के खिलाफ गवाही दे देते हैं और स्टारोवोइत को भी इसी बात की चिंता रही हो।
2018 में बने गवर्नर
रूस के सोची शहर में आयोजित ओलंपिक खेलों की तैयारियों में भी शामिल रहे। साल 2012 में स्टारोवोइत को रोसावटोडोर (रूस में सड़क बनाने वाली एजेंसी है) का प्रमुख नियुक्त किया गया। 2018 में उन्हें परिवहन मंत्रालय का उप प्रमुख बनाया गया। अक्टूबर 2018 में उन्हें कुर्स्क क्षेत्र का कार्यवाहक गवर्नर नियुक्त किया गया।
स्टारवोइत नहीं पुतिन ने और भी विरोधियों को निपटाया
क्या स्टारवोइत अकेले हैं जो ऐसी मौत मरे हैं, इसका जवाब है नहीं। इससे पहले पुतिन के बावर्ची और बाद में वैगनर आर्मी के चीफ येवगिनी प्रिगोझिन एक विमान हादसे में मारे गए थे। इसके अलावा 2022 में रूसी सांसद जो कि छुट्टी मनाने भारत के ओडिशा पहुंचे थे, यहां के रायगडा में मृत पाए थे। दो दिन बाद उनके दोस्त व्लादिमीर बिदेनोव भी मरे मिले थे। एक और नाम है एलेक्सी नवेलिनी, ये साहब पुतिन के प्रतिद्वंदी थे। पुतिन के आलीशान घर का खुलासा भी इन्होंने ही किया था। ये पहले गिरफ्तार हुए बाद में जेल में किसी ने इन्हें जहर दे दिया था।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कॉमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications