everything app क्या है, जिसके लिए Elon Musk ने फिर Twitter खरीदने में दिखाई दिलचस्पी ?
Elon Musk जो कि टेस्ला कंपनी के सीईओ और दुनिया की सबसे अमीर शख्सियत हैं दोबारा से ट्विटर खरीदने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। इस बार वे एक विस्तृत प्लान के साथ डील करना चाहते हैं, जिसके तहत इस माइक्रोब्लॉगिंग कंपनी को एवरीथिंग ऐप में विकसित करना चाहते हैं। मतलब, अगर ट्विटर एलन मस्क का हुआ तो यह सिर्फ जानकारी साझा करने का माध्यम नहीं होगा, बल्कि यह बाकी सेवाओं के लिए भी इस्तेमाल में आ सकेगा। आइए जानते हैं कि एवरीथिंग ऐप का मतलब क्या हुआ और ऐसा होने पर ट्विटर में किस तरह का बदलाव देखने को मिल सकता है।

ट्विटर को एवरीथिंग ऐप बनाना चाहेंगे एलन मस्क
टेस्ला कंपनी के चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर और दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क ने एक बार फिर से सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। वह पहले ट्विटर के साथ डील से पीछे हट गए थे। मस्क वापस से इस सोशल मीडिया कंपनी को 4,400 करोड़ डॉलर में खरीदेने के अपने पुराने फैसले पर विचार कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने खुद ट्वीट करके इच्छा जताई कि वह एवरीथिंग ऐप बनाने के लिए यह सौदा करना चाह रहे हैं। एवरीथिंग ऐप का मतलब एक 'सुपर ऐप' से है, जो एशिया के कुछ देशों में काफी लोकप्रिय है और दुनिया भर की टेक्नोलॉजी कंपनियां इसे तैयार करने की कोशिश में जुटी हुई है।

सुपर ऐप क्या होता है ?
दरअसल, सुपर ऐप एक ऐसा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म होता है, जिसमें लोगों की जरूरत की सभी सेवाएं और जरूरत की चीजें उपलब्ध हो सकती हैं। यानि यूजर सुपर ऐप का इस्तेमाल एकसाथ मैसेजिंग, सोशल नेटवर्किंग, पेमेंट और ई-कॉमर्स के जरिए शॉपिंग ऐप की तरह भी कर सकते हैं। न्यूज एजेंसी रॉयटर की एक रिपोर्ट के मुताबिक न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में मार्केटिंग के प्रोफेसर स्कॉट गैलोवे ने पिछले साल लिखा था कि 'इस तरह के मेगा ऐप एशिया में काफी इस्तेमाल किए जाते हैं, क्योंकि यहां इंटरनेट के इस्तेमाल के लिए मोबाइल मुख्य साधन होते हैं।'

ऐसे सुपर ऐप जो पहले से मौजूद हैं
चीन का सोशल मीडिया ऐप वीचैट भी एक सुपर ऐप है, जिसपर एक अनुमान के मुताबिक हर महीने 100 करोड़ यूजर आते हैं। यह ऐप एक तरह से चीन में रहने वालों के लिए दिनचर्या का साधन बन चुका है। इस एक ऐप से यूजर टैक्सी भी बुला सकते हैं, किसी दोस्त या परिवार वाले को पैसे भी भेज सकते हैं और कैश की जगह दुकानों में पेमेंट भी कर सकते हैं। इसी तरह एक और सुपर ऐप है ग्रैब, जो दक्षिण-पूर्वी एशिया में काफी लोकप्रिय सुपर ऐप है। इस एक सुपर ऐप के माध्यम से खाना मंगवाया जा सकता है, कैब मंगाई जा सकती है, समय पर सामानों की सप्लाई करवाई जा सकती है और वित्तीय सेवाओं से लेकर निवेश तक किए जा सकते हैं।

एवरीथिंग ऐप क्यों बनाना चाहते हैं एलन मस्क
जून में ट्विटर कर्मचारियों के साथ एक प्रश्न-उत्तर सत्र में एलन मस्क ने यह मुद्दा उठाया था कि एशिया से बाहर वीचैट जैसा कोई सुपर ऐप नहीं है। उन्होंने एक सुपर ऐप की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा था कि 'चीन में वीचैट के बिना आप एक तरह से रह नहीं सकते।' अगर मस्क ट्विटर खरीदते हैं और उनमें इस तरह के अतिरिक्त टूल्स और सेवाएं जोड़ते हैं, तो उनकी कंपनी अपने लक्ष्य की ओर और ज्यादा तेजी से बढ़ सकती है। मस्क कह भी चुकेहैं कि वह चाहते हैं कि ट्विटर 23.7 करोड़ यूजर से 'कम से कम 100 करोड़' यूजर तक बढ़े।

दक्षिण-पूर्वी एशिया में एलन मस्क को मिलेगी चुनौती
बाद में यह जानकारी भी सामने आई कि एलन मस्क और उनके करीबी लोगों के बीच ट्विटर को डिजिटल पमेंट के लिए इस्तेमाल करने को लेकर भी चर्चा शुरू थी। वैसे भारत में भी कुछ लोकप्रिय ऐप हैं, जो पहले से ही सुपर ऐप की तरह काम कर रहे हैं। इनमें पेटीएम, माय जिओ आदि का नाम लिया जा सकता है। इसी तरह इंडोनेशिया में गोजेक काफी लोकप्रिय है। इसलिए अगर दुनिया के सबसे अमीर शख्सियत इस प्रतियोगिता में उतरना चाहते हैं, तो उन्हें बाजार के इन तमाम प्रतियोगियों को जरूर ध्यान में रखना होगा। क्योंकि, अकेले दक्षिणपूर्व एशिया में तीन-चौथाई आबादी को इंटरनेट की लत लग चुकी है, जिनमें से 88% के पास स्मार्टफोन हैं।












Click it and Unblock the Notifications