TCS Case: पुलिस की आंखों में धूल झोंककर कहां छिपी थी निदा खान? छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार, खुलेंगे कई राज!
TCS Conversion Case Nida Khan Arrest: महाराष्ट्र के नासिक स्थित आईटी दिग्गज टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में कथित तौर पर जबरन धार्मिक धर्मांतरण और उत्पीड़न मामले की मुख्य आरोपी निदा खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। निदा खान पर नासिक यूनिट में काम करने वाली महिलाओं पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और गंभीर आरोप लगने के बाद से वह फरार चल रही थी। पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर उसे छत्रपति संभाजीनगर से हिरासत में लिया। आइए विस्तार से जानते हैं पुलिस ने क्या कहा और निदा खान की गिरफ्तारी कैसे हुई?
पुलिस के अनुसार, निदा खान पिछले चार दिनों से छत्रपति संभाजीनगर के नारेगांव इलाके में स्थित कैसर कॉलोनी के एक फ्लैट में अपने माता-पिता, भाई और चाची के साथ छिपी हुई थी। नासिक एसआईटी, छत्रपति संभाजीनगर पुलिस आयुक्तालय और क्राइम ब्रांच पिछले दो दिनों से उस फ्लैट पर निगरानी रख रहे थे। गुरुवार को पुख्ता जानकारी मिलने के बाद संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया नासिक
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, एसआईटी ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि निदा खान को देवलली कैंप पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले के तहत हिरासत में लिया गया है। उसे बीएनएसएस (BNSS) की धारा 43(5) के तहत न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC) के सामने पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसकी ट्रांजिट रिमांड हासिल की। इसके बाद उसे आगे की पूछताछ और कानूनी कार्यवाही के लिए नासिक ले जाया गया है।
प्रेग्नेंसी का हवाला देकर मांगी थी जमानत
गिरफ्तारी से पहले निदा खान ने गिरफ्तारी से बचने के लिए नासिक की एक अदालत में अग्रिम जमानत और अंतरिम सुरक्षा की गुहार लगाई थी। उसने अदालत के सामने अपनी दो महीने की गर्भावस्था (Pregnancy) का हवाला देते हुए राहत मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे किसी भी तरह की अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था।
TCS ने निदा खान को किया सस्पेंड
निदा खान दिसंबर 2021 में 'प्रोसेस एसोसिएट' के तौर पर टीसीएस से जुड़ी थी। कंपनी ने आरोपों की गंभीरता को देखते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspended) कर दिया है। कंपनी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, निदा खान के न्यायिक हिरासत में होने और आधिकारिक कर्तव्यों का पालन करने में असमर्थ होने के कारण यह फैसला लिया गया। इसके साथ ही कंपनी ने उसके आंतरिक सिस्टम और नेटवर्क एक्सेस को भी अस्थायी रूप से रद्द कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ जब नासिक टीसीएस में काम करने वाली एक महिला ने अपने सहकर्मी दानिश शेख पर आरोप लगाया कि उसने शादी का झांसा देकर 2022 से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जबकि वह पहले से शादीशुदा था। निदा खान, जो दानिश शेख की बहन है, पर आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता महिला के धर्म को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की और उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला। साथ ही निदा और तौसिफ अख्तर पर दानिश की पहली शादी की बात छिपाने का भी आरोप है।
यौन उत्पीड़न के भी लगे गंभीर आरोप
पुलिस जांच शुरू होने के बाद सात और महिलाएं सामने आईं, जिन्होंने वरिष्ठ सहकर्मियों पर मानसिक और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए। इन महिलाओं का दावा है कि मानव संसाधन (HR) विभाग ने उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया। यह घटनाएं फरवरी 2022 से मार्च 2026 के बीच की बताई जा रही हैं। पुलिस अब तक इस मामले में एचआर हेड समेत सात कर्मचारियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
कंपनी (TCS) का आधिकारिक रुख
मामले के सार्वजनिक होने के बाद TCS ने स्पष्ट किया कि निदा खान न तो एचआर मैनेजर थी और न ही भर्ती प्रक्रिया के लिए जिम्मेदार थी। वह केवल एक 'प्रोसेस एसोसिएट' थी और उसके पास कोई नेतृत्व वाली जिम्मेदारी नहीं थी। कंपनी ने यह भी कहा कि उसे अपने आंतरिक चैनलों के माध्यम से इस मामले में पहले कोई शिकायत नहीं मिली थी।















Click it and Unblock the Notifications