यूरोपीय यूनियन ने 12-17 आयु वर्ग के लिए मंजूर की मॉडर्ना की वैक्सीन, 4 हफ्ते में दी जाएंगी 2 डोज
नई दिल्ली, 23 जुलाई: पूरी दुनिया कोरोना महामारी से परेशान है। जिस वजह से ज्यादातर देशों में युद्धस्तर पर टीकाकरण अभियान जारी है, लेकिन अभी तक इजात की गईं सारी वैक्सीन 18 साल के ऊपर के लोगों के लिए थीं। ऐसे में बच्चों पर अभी भी वायरस का खतरा मंडरा रहा है। वैसे अब इस मामले में एक अच्छी खबर सामने आई है, जहां यूरोपीय संघ ने 12-17 आयु वर्ग के लिए मॉडर्ना की कोविड वैक्सीन को मंजूरी दे दी है।
Recommended Video

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यूरोपियन मेडिसिन्स वॉचडॉग ने शुक्रवार को 12 से 17 साल की उम्र के बच्चों के लिए मॉडर्ना की कोरोना वैक्सीन को इजाजत दे दी। ये टीका दो बार में दिया जाएगा। साथ ही एक से दूसरे डोज के बीच चार हफ्ते का अंतराल रहेगा। EMA के मुताबिक 12-17 आयु वर्ग के 3,732 बच्चों पर स्पाइकवैक्स का ट्रायल किया गया था, जो सफल रहा। उस दौरान पता चला कि सभी के शरीर में अच्छी मात्रा में एंटीबॉडी बनी। उतनी एंटीबॉडी 18 से 25 आयुवर्ग में भी देखी गई थी।
भारत में भी चल रहा ट्रायल
आपको बता दें कि पिछले साल ही भारतीय कंपनी भारत बायोटेक ने कोरोना की वैक्सीन बना ली थी, लेकिन वो 18 साल से ऊपर के लोगों के लिए है। इसके बाद भारत बायोटेक ने सरकार से मंजूरी ली और बच्चों के ऊपर अपनी वैक्सीन का ट्रायल शुरू किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक अगले हफ्ते 2 से 6 साल की उम्र के बच्चों पर कोवैक्सीन के दूसरे चरण का ट्रायल शुरू होगा। इस आयु वर्ग में कुछ बच्चों को पहली डोज दी जा चुकी है, जिन्हें दूसरे चरण में दूसरी डोज दी जाएगी। इससे पहले कंपनी ने 6-12 आयु वर्ग के बच्चों को दोनों डोज दी थीं, जिसके डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications