एलन मस्क की कॉलेज गर्लफ्रेंड ने 27 साल बाद निकाली निजी तस्वीरें, कमा लिए 1.31 करोड़
अमेरिका। कॉलेज का आपका प्यार आपके ब्रेक अप कर लेने के बाद अगर सेलेब्रिटी बन जाए तो दुख तो होगा ना। अगर पता चले कि वह दुनिया का सबसे अमीर शख्स बन गया है तो अपने फैसले पर पछतावा भी हो सकता है। लेकिन जरूरी नहीं कि हर किसी के लिए ऐसा हो। आप इसके बाद भी खुद को लकी मान सकते हैं क्योंकि अब भी आपके पास लाखों, करोड़ों कमाने का मौका हो सकता है।

मस्क की पूर्व प्रेमिका रहीं जेनिफर ग्वेन
अब टेस्ला और स्पेस एक्स जैसी दिग्गज कंपनियों के सीईओ एलन मस्क की पूर्व गर्लफ्रेंड को ले लीजिए। जेनिफर ग्वेन और एलन मस्क के बीच कॉलेज के दिनों में प्यार परवार चढ़ा। दोनों के बीच बढ़िया रिलेशनशिप रहा लेकिन बाद में जब एलन मस्क सफलता की सीढ़िया चढ़ना शुरू करने वाले थे उसी वक्त दोनों अलग हो गए। रिलेशनशिप के दिनों में दोनों ने खूब यादें बनाईं। फिर चाहे वो साथ खिचाई तस्वीरें हो या फिर एक दूसरे को दिए गिफ्ट।

ग्वेन ने निजी तस्वीरें की नीलाम
एलन मस्क के पास वो यादें अब हो या न हों ग्वेन के पास तो हैं। जब एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए तो ग्वेन ने इन यादों को नीलाम करने का फैसला किया। इनमें ही कॉलेज के दिनों की एलन मस्क की एक तस्वीरें भी है जिसे जेनिफर ग्वेन ने नीलामी के लिए लगाया था। अब ये तस्वीरें नीलाम हो चुकी है और इसकी जो कीमत लगी है वो जानकर आप हैरान रह जाएंगे।

1.31 रुपये में बिकीं प्यार की यादें
एलन मस्क से जुड़ी ये तस्वीर नीलामी में 1.65 लाख डॉलर में बिकी है। भारतीय रुपये में ये कीमत 1.31 करोड़ रुपये के करीब है। ये एलन मस्क से जुड़ी ऐसी तस्वीरें है जो आज तक दुनिया के सामने नहीं आई है। बोस्टन के एक नीलामी घर ने गुरुवार को कहा कि टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के कॉलेज दिनों की तस्वीरें और उनकी प्रेमिका की यादगार तस्वीरें नीलामी में 165000 डॉलर में बिकीं।

1995 में हुआ था दोनों का ब्रेकअप
बोस्टन स्थित नीलामी करने वाली संस्था आरआर ऑक्शन ने अपने बयान में कहा कि यह मस्क की कॉलेज गर्लफ्रेंड जेनिफर ग्वेन की पहले कभी नहीं देखी गई तस्वीरों और यादगार वस्तुओं का संग्रह था। वैसे मस्क ने बुधवार को अपने ट्विटर प्रोफाइल की तस्वीर चेंज की है और ऐसा माना जा रहा है कि शायद ये उन तस्वीरों में से ही एक है।
मस्क और ग्वेन ने 1994 से 1995 तक एक दूसरे को डेट किया जब वे दोनों पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे थे। स्नातक होने के बाद मस्क कैलिफोर्निया चले गए और दोनों अलग हो गए। ग्वेन ने बोस्टन ग्लोब को बताया कि मस्क ने कहा कि वह फोन पर बात नहीं कर सकते क्योंकि यह उनके लिए समय की बर्बादी की तरह लग रहा था। ग्वेन ने बताया जब मस्क दुनिया जीतना शुरू करने वाले थे उसी वक्त हम अलग हो गए।

कौन सी चीज कितने की बिकी?
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक सोने का हार जिस पर एक छोटा पन्ना लगा था, मस्क ने 1994 के अंत में ग्वेन को जन्मदिन पर गिफ्ट दिया था, 51000 डॉलर में बिका। मस्क और ग्वेन की 1995 में ली गई एक तस्वीर 42,000 डॉलर में बेची गई थी। मस्क के हाथों से "बू-बू" साइन किया हुआ बर्थडे कार्ड लगभग 17,000 डॉलर में बिका।
18 तस्वीरें व्यक्तिगत रूप से बेची गईं। ग्वेन अब दक्षिण कैरोलिना में रहती है और वह अपने सौतेले बेटे की कॉलेज शिक्षा के लिए कुछ आय का उपयोग करने की योजना बना रही है। उन्होंने अब मस्क से संपर्क नहीं रखा है।












Click it and Unblock the Notifications