कोलंबिया में सुरक्षाबलों पर अब तक का सबसे घातक विस्फोटक हमला, 8 पुलिस मरे
पश्चिमी कोलंबिया में एक विस्फोटक हमला हुआ है। इस हमले में कम से कम 8 पुलिस अधिकारियों के मारे जाने की खबर है। ये हमला हुइला डिपार्टमेंट के एक ग्रामीण इलाके में शुक्रवार को हुआ।
बोगोटा, 03 सितंबरः पश्चिमी कोलंबिया में एक विस्फोटक हमला हुआ है। इस हमले में कम से कम 8 पुलिस अधिकारियों के मारे जाने की खबर है। ये हमला हुइला डिपार्टमेंट के एक ग्रामीण इलाके में शुक्रवार को हुआ। पुलिस सूत्रों के मुताबिक ये घातक हमला उस समय हुआ जब पुलिस की एक टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान विस्फोटकों से भरी गाड़ी ने पुलिस की गाड़ी में टक्कर मार दी।

सुरक्षा बलों पर अब तक का सबसे आतक हमला
देश में लगभग 60 सालों से चल रहे संघर्ष को खत्म करने का वादा कर पिछले महीने कोलंबिया के प्रथम वामपंथी राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने वाले गुस्तावो पेट्रो के कार्यकाल में यह अब तक का सबसे घातक हमला है। पेट्रो ने ट्विटर पर कहा, 'मैं विस्फोटकों के साथ किए गए इस हमले की निंदा करता हूं। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी सहानुभूति और एकजुटता प्रकट करता हूं। ये कृत्य पूर्ण शांति में बाधा है। मैंने अधिकारियों को इस हमले की जांच के लिए इलाके में जाने का निर्देश दिया है। पेट्रो ने शुक्रवार को हमले के संदिग्ध अपराधियों का नाम नहीं लिया, लेकिन सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, ये एफएआरसी विद्रोही आंदोलन से जुड़े हुए हैं।
बीते महीने गुस्तावो ने ली राष्ट्रपति पद की शपथ
कोलंबिया के एम-19 गुरिल्ला समूह के पूर्व सदस्य गुस्तावो ने कंजर्वेटिव दलों को हराकर जून में चुनाव जीता था। पिछले महीने आठ अगस्त को उन्होंने पहले वामपंथी राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। उन्होंने असमानता से लड़ने और सरकार तथा गुरिल्ला समूहों के बीच लंबे समय तक चले युद्ध से पीड़ित देश के इतिहास में अहम बदलाव लाने का वादा किया था। एम-19 गुरिल्ला समूह के पूर्व सदस्य पेट्रो ने नेशनल लिबरेशन आर्मी विद्रोहियों के साथ बातचीत को एक बार फिर से शुरू करके देश नें 'शांति' की स्थापना का संकल्प लिया है।
संघर्ष में चाढ़े चार लाख लोगों की मौत
इससे पहले गुस्तावो के पूर्ववर्ती राष्ट्रपति और रूढ़िवादी इवान ड्यूक ने बोगोटा में एक पुलिस अकादमी पर 2019 के कार बम हमले के बाद नेशनल लिबरेशन आर्मी विद्रोहियों के साथ शांति वार्ता को तोड़ दिया था। इस हमले में 22 लोग मारे गए थे। बतादें कि कोलंबिया में सरकार, वामपंथी विद्रोहियों, दक्षिणपंथी अर्धसैनिकों और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों के बीच हुए संघर्ष में 1985 और 2018 के बीच कम से कम 450,000 लोग मारे जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications