पाकिस्तान में आर्थिक संकट शुरू, रात 8 बजे तक ही खुलेंगी दुकानें, विदेशी लेन-देन का भुगतान बंद
पाकिस्तान को बार बार सऊदी अरब और चीन कर्ज देकर बचाता आया है, लेकिन दिक्कत ये है, कि उस कर्ज का भी तो भुगतान पाकिस्तान को करना है। पाकिस्तान के पास एक बार फिर से विदेशी मुद्रा भंडार खत्म होने के कगार पर है।

Pakistan News: पाकिस्तान की सरकार ने एक नया नोटिफिकेशन जारी करते हुए पूरे देश में रात 8 बजे के बाद तमाम दुकानों और बाजारों को बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही शहबाज शरीफ की सरकार ने शादियों को लेकर भी नये आदेश जारी किए हैं। पाकिस्तान गंभीर ऊर्जा संकट में फंस गया है, लिहाजा बिजली बचाने के लिए शहबाज शरीफ की सरकार ने ये फैसला किया है। सरकार के नये आदेश के मुताबिक, तमाम बाजार, पार्क्स, रेस्टोरेंट और दुकानों को रात आठ बजे के बाद नहीं खोला जा सकता है। वहीं, पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार अब खत्म होने वाला है, लिहाजा सरकार ने विदेशी लेन-देन का भुगतान बंद कर दिया है।

गंभीर ऊर्जा संकट में फंसा पाकिस्तान
पाकिस्तान कभी गंभीर ऊर्जा और महंगाई संकट में फंसा हुआ है। वहीं, यूक्रेन संकट ने पाकिस्तान की स्थिति और खराब कर दी है। शहबाज शरीफ की सरकार में वित्त मंत्री रहे मुफ्ता इस्लाइल ने पिछले हफ्ते दावा किया था, कि पाकिस्तान बहुत जल्द डिफॉल्ट हो जाएगा। इस बीच बिजली संकट से पूरा देश परेशान हो गया है और पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने पहले नेशनल एनर्जी कंजर्वेशन प्रोग्राम को लॉन्च किया है और अब पाकिस्तान में सभी दुकानों को रात 8 बजे से पहले ही बंद करना होगा। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि, केंद्र सरकार इस राष्ट्रव्यापी योजना को लागू करने के लिए प्रांतों से संपर्क करेगी। कैबिनेट की बैठक के बाद, मीडिया को जानकारी देते हुए पाकिस्तानी मंत्री ने कहा कि, गुरुवार तक अंतिम फैसला लिया जाएगा। ख्वाजा आसिफ ने कहा कि, "अगले कुछ दिनों में हम इस राष्ट्रीय परियोजना के साथ सभी प्रांतों से संपर्क करेंगे और फिर गुरुवार को कंजर्वेशन पॉलिसी को अंतिम मंजूरी दी जाएगी।"

क्या है सरकार की कंजर्वेशन पॉलिसी?
कंजर्वेशन पॉलिसी के तहत पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा कि, शादी के हॉल का समय रात 10 बजे तक सीमित होगा, जबकि रेस्तरां, होटल और बाजार रात 8 बजे तक बंद हो जाएंगे। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि, रेस्तरां के बंद होने के समय को एक घंटे के लिए बढ़ाए जाने की कुछ गुंजाइश हो सकती है। ख्वाजा आसिफ ने कहा कि, अगर 20 प्रतिशत सरकारी कर्मचारी रोटेशन के आधार पर घर से काम करते हैं, तो 56 अरब रुपये बचाए जा सकते हैं और कुछ कदमों के साथ मिलकर देश 62 अरब रुपये बचाने में सक्षम होगा। उन्होंने यह भी कहा कि, 38 अरब रुपये बचाने में मदद करने के लिए ऊर्जा बचाने वाले पंखे और बल्ब जल्द ही पेश किए जाएंगे और पेट्रोल की खपत को कम करने के लिए इलेक्ट्रिक बाइक पारंपरिक मोटरसाइकिलों की जगह लेगी।

खत्म हो रहा विदेशी मुद्रा भंडार
पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक, स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार दो दिसंबर को खत्म हपुए हफ्ते में गिरकर चार साल के निचले स्तर 6.72 अरब डॉलर पर आ गया है। पाकिस्तान के केन्द्रीय बैंक के आंकड़ों से पता चलता है, कि विदेशी मुद्रा भंडार पिछली बार 18 जनवरी 2019 को खत्म हफ्ते दौरान 6.64 अरब अमरीकी डॉलर दर्ज किया गया था। डॉन के मुताबिक, पाकिस्तान के ओपन मार्केट से डॉलर गायब हो गए हैं, जबकि इंटर-बैंक मार्केट में डॉलर संकट पैदा हो गया है। लिहाजा, पाकिस्तान ने अब अपने खर्च के लिए विदेशों को भुगतान करना बंद कर दिया है। पाकिस्तान अब एयरलाइनों का बकाया चुकाने या बंदरगाहों पर प्रतीक्षा कर रहे आयातित सामानों का भुगतान करने में असमर्थ है। साख पत्र (एलसी) खोलना एक चुनौती बन गया है और देश के विदेशी मिशनों के साथ लेन-देन में भी काफी दिक्कतें आ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications