न्यूयॉर्क में दर्जनों शव ट्रक में कई दिन पड़े रहे, श्मशान घर का लाइसेंस रद्द
न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में कोरोना वायरस से सर्वाधिक लोगों की मौत हुई है। इस बीच न्यूयॉर्क स्टेट हेल्थ के अधिकारियों ने ब्रुकलिन श्मशान घाट पर प्रतिबंध लगा दिया है और इसके लाइसेंस को शुक्रवार को रद्द कर दिया है। दरअसल कोरोना वायरस की बढ़ोतरी की वजह से यहां पर भाड़े के ट्रकों में दर्जनों शव को रखा गया था। स्टेट हेल्थ कमिश्नर हॉवर्ड जुकर ने कहा कि पुलिस को इस बात की जानकारी मिली थी कि यहां पर 100 शवों को नॉन रेफ्रिजरेटेड यू ह़ल ट्रक में में रखा गया था, जिसके बाद इसकी जांच के लिए पुलिस यहां पहुंची। शवों के साथ इस तरह का बर्ताव शर्मनाक है, यह इनके परिजनों के लिए भी अपमानजनक है, जिसके चलते यहां का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है।

जांच की मांग
एक बयान में हॉवर्ड ने कहा कि श्मशान घरों की यह जिम्मेदारी है कि वह जिम्मेदारी के साथ अपनी क्षमता के अनुसार शवों का सही प्रबंधन करें। यह काम शवों को पूरा सम्मान देते हुए करने की अपेक्षा की जाती है। बुधवार दोपहर को यहां पर पुलिस को बुलाया गया, जब स्थानीय लोगों ने बदबू आने की शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और शवों को दूसरी बेहतर जगह पर ले जाया गया। इस घटना के सामने आने के बाद कई स्थानीय नेताओं ने इसकी निंदा की है और इस पूरे मामले की जांच की मांग की है।
अमेरिका में मरने वाली की संख्या बढ़ रही है
अमेरिका में शनिवार को 1,400 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 66 हजार के आंकड़े को पार कर गया है। देश में कोविड-19 से मरने वालों का आंकड़ा रविवार सुबह सात बजे तक 66,368 पहुंच गया है, जबकि महामारी से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 11लाख 32 हजार 512 हो गई है।
ट्रंप का चीन पर हमला
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोरोना वायरस को लेकर एक बार फिर से चीन पर तीखा हमला बोला है। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इस बात के सबूत देखे हैं कि जो साफ करते हैं कोरोना वायरस चीन के वुहान लैब से ही फैला है। उन्होंने चीन को धमकी देते हुए कहा कि वह कोरोना वायरस संकट के चलते नए टैरिफ लगाएंगे, ट्रंप से जब रिपोर्टर्स ने पूछा कि आप कैसे इतने भरोसे के साथ कह सकते हैं कि चीन के वुहान लैब से ही कोरोना फैला, क्या आपने इसके सबूत देखे हैं? इसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि हां मैंने देखे हैं।












Click it and Unblock the Notifications