‘मैं गिरफ्तार होने जा रहा हूं…’, जॉर्जिया चुनाव में गड़बड़ी करने के मामले में गुरुवार को सरेंडर करेंगे ट्रंप
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प जॉर्जिया प्रांत में 2020 के चुनाव में अपनी हार को पलटने की कोशिश करने के आरोप में गुरुवार को आत्मसमर्पण करेंगे। इसकी पुष्टि खुद डोनाल्ड ट्रम्प ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की।
ट्रम्प जो कि 2024 में एक बार फिर से राष्ट्रपति पद की दौड़ में है, अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर बताया कि उन्होंने जॉर्जिया में अपने अभियोग के सिलसिले में गुरुवार को अटलांटा में आत्मसमर्पण करने की योजना बनाई है।

ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा है, "मैं गिरफ्तार होने के लिए अटलांटा, जॉर्जिया जाऊंगा।" उन्होंने इस अभियोग को उनके राष्ट्रपति चुनाव अभियान को पटरी से उतारने के लिए राजनीति से प्रेरित प्रयास बताया। ट्रम्प ने इसके आगे कहा कि उन्हें कट्टर वामपंथी जिला अटॉर्नी फानी विलिस द्वारा गिरफ्तार किया जाएगा।
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप और 18 अन्य लोगों के खिलाफ जॉर्जिया चुनाव में गड़बड़ी करने और चुनाव नतीजों को पलटने की कोशिश के आरोप में बीते हफ्ते ही आरोप तय किए गए हैं। आपको बता दें कि 14 अगस्त को पूर्व राष्ट्रपति पर चौथा आपराधिक मामला दर्ज किया गया था।
डोनाल्ड ट्रम्प पर 2020 में जॉर्जिया में अपनी चुनावी हार को पलटने के कथित प्रयासों, धोखाधड़ी, गुंडागर्दी समेत 13 आरोप लगे हैं। इससे पहले अदालत ने ट्रम्प को 25 अगस्त तक सरेंडर करने का समय दिया है।
ट्रम्प के साथ ही उनके पूर्व वकील रूडोल्फ गिउलिआनी, और जॉन ईस्टमैन और व्हाइट हाउस के पूर्व चीफ ऑफ स्टाफ मार्क मीडोज समेत 18 अन्य लोगों पर भी धोखाधड़ी में कथित तौर पर शामिल होने का आरोप है।
क्या है जॉर्जिया क्रिमिनल केस

यह मामला 2 जनवरी 2021 के फोन कॉल से शुरू हुआ। इसमें ट्रम्प ने जॉर्जिया के शीर्ष चुनाव अधिकारी ब्रैड रैफेंसपर्गर से जॉर्जिया राज्य में चुनावी हार को पलटने के लिए दोबारा गिनती करने और पर्याप्त वोट "ढूंढने" के लिए कहा था। ट्रम्प ने रैफेंसपर्गर से फोन पर कहा कि वह चाहते हैं कि राज्य के 16 इलेक्टोरल वोट उनके हिस्से में आएं। हालांकि रैफेंसपर्गर ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था।
इस मामले में ट्रम्प को दो लाख डॉलर का बॉन्ड भरना होगा। फुल्टन काउंटी के शेरिफ ऑफिस ने बताया है कि ट्रंप के आत्मसमर्पण को देखते हुए काउंटी जेल के आसपास लोगों की आवाजाही को रोक दिया जाएगा ताकि कानून व्यवस्था के लिए कोई समस्या पैदा ना हो सके।












Click it and Unblock the Notifications