डोनाल्ड ट्रंप जीत सकते हैं राष्ट्रपति चुनाव? आखिरी सर्वे में सातों स्विंग स्टेट्स में कमला हैरिस हुईं पीछे
US Election Survey: सभी की निगाहें कल होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव (US Presidential Election 2024) पर टिकी हैं और उससे पहले करवाई गई आखिरी सर्वे में सातों स्विंग स्टेट्स में डोनाल्ड ट्रंप ने कमला हैरिस को पीछे छोड़ दिया है।
5 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले, पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सभी सात स्विंग राज्यों में आगे निकल गये हैं। एटलसइंटेल के नवीनतम सर्वेक्षण से पता चलता है, कि कमला हैरिस काफी कम मार्जिन से पीछे हो गई हैं। सर्वेक्षण से पता चलता है, कि लगभग 49% वोटर्स ने कहा, कि वे आगामी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप को वोट देंगे।

सर्वे में पता चला है, कि रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को कमला हैरिस के खिलाफ 1.8% वोटों की बढ़त मिल गई है, जो कल होने वाले चुनाव से पहले उनके लिए बूस्टर डोज है। नवंबर के पहले दो दिनों में किए गए सर्वेक्षण में अमेरिका में लगभग 2,500 संभावित मतदाता शामिल थे, जिनमें से अधिकांश महिलाएं थीं। 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के अंतिम दिनों में ध्यान स्विंग राज्यों पर है, युद्ध के मैदान कहे जाने वाले ये राज्य, अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के प्रमुख निर्णायक हैं।
सातों स्विंग स्टेट्स में ट्रंप निकले आगे
स्विंग राज्यों के एक अन्य सर्वेक्षण से पता चला है, कि रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को सभी स्विंग राज्यों - एरिजोना, जॉर्जिया, मिशिगन, नेवादा, उत्तरी कैरोलिना, पेंसिल्वेनिया और विस्कॉन्सिन में जीत की संभावना है।
एरिजोना में, डोनाल्ड ट्रंप ने अपना सबसे बड़ा अंतर बनाए रखा है और कमला हैरिस पर भारी बढ़त बना रखी है। यहां पर ट्रंप को 51.9%, जबकि कमला हैरिस को 45.1% वोट मिलने की संभावना जताई गई है।
नेवादा में, जब पूछा गया कि आगामी राष्ट्रपति चुनाव में लोग किसे वोट देंगे, तो 51.4% मतदाताओं ने डोनाल्ड ट्रंप को चुना, जबकि 45.9% ने कमला हैरिस को चुना।
उत्तरी कैरोलिना में, डोनाल्ड ट्रंप 50.4% वोटों से आगे हैं, जबकि हैरिस को 46.8% वोट शेयर मिलने की संभावना जताई गई।
स्विंग स्टेट कैसे होते हैं महत्वपूर्ण
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव तीन तरह के राज्यों के आधार पर तय होते हैं: रेड स्टेट्स, ब्लू स्टेट्स और स्विंग स्टेट्स। रेड स्टेट्स वे हैं, जहां रिपब्लिकन 1980 से लगातार जीतते आ रहे हैं, जबकि ब्लू स्टेट्स वे हैं, जहाँ डेमोक्रेट्स 1992 से हावी हैं। इन राज्यों को आम तौर पर उनके चुनावी नतीजों के लिहाज से पूर्वानुमानित माना जाता है।
स्विंग स्टेट्स में, रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स के बीच लड़ाई अक्सर बेहद करीबी होती है, जिसमें विजेता बहुत कम अंतर से जीतते हैं।
उदाहरण के लिए, 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में, जो बाइडेन ने एरिजोना को सिर्फ 10,000 वोटों से जीता था। पिछले हफ्ते 29 अक्टूबर को प्रकाशित रॉयटर्स/इप्सोस पोल में कमला हैरिस को डोनाल्ड ट्रंप पर बढ़त दिखाई गई थी, जिसमें डेमोक्रेट रिपब्लिकन से एक प्रतिशत अंक आगे थे। उस सर्वे में कमला हैरिस को 44% और ट्रंप को 43% वोट मिलने की संभावना जताई गई थी।
दिलचस्प बात यह है कि जुलाई महीने में चुनावी मैदान में उतरने के बाद से ही कमला हैरिस रजिस्टर्ड मतदाताओं के प्रत्येक रायटर/इप्सोस सर्वेक्षण में ट्रंप से आगे रही हैं, लेकिन सितंबर के अंत से उनकी बढ़त लगातार कम होती चली गई।












Click it and Unblock the Notifications