प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए क्या सच में खतरनाक है पैरासिटामोल? डोनाल्ड ट्रंप ने किया ऐसा दावा, दुनियाभर में हलचल
Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने गर्भवती महिलाओं और पेरासिटामोल के इस्तेमाल पर बड़ा दावा किया है। ट्रंप का कहना है कि गर्भावस्था में टाइलेनॉल (पेरासिटामोल) का उपयोग करने से बच्चों में ऑटिज्म का खतरा बढ़ सकता है।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब दुनिया भर में डॉक्टर और वैज्ञानिक लगातार कह रहे हैं कि इस दावे का कोई ठोस सबूत मौजूद नहीं है। फिर भी ट्रंप ने व्हाइट हाउस से बोलते हुए स्पष्ट कहा कि गर्भवती महिलाएं इस दवा का इस्तेमाल करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लें और संभव हो तो इससे बचें। उनके इस बयान के बाद न सिर्फ मेडिकल जगत में बहस छिड़ गई है। बल्कि कई विशेषज्ञों ने इसे खतरनाक और गुमराह करने वाला बताया है।

जांच के बाद की घोषणा
ट्रंप ने यह घोषणा अमेरिका के स्वास्थ्य सचिव रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर की अगुवाई में की गई जांच के बाद की। इस जांच में कहा गया कि पेरासिटामोल का अत्यधिक उपयोग ऑटिज्म से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, वैज्ञानिकों ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि अभी तक ऐसा कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें: आज संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, इन प्रमुख मुद्दे पर रहेगी दुनिया की नजर
वैज्ञानिकों का विरोध
दुनिया भर के रिसर्चर और मेडिकल एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऑटिज्म एक जटिल स्थिति है, जो आनुवंशिक और पर्यावरणीय कारकों से मिलकर होती है। पेरासिटामोल और ऑटिज्म के बीच कोई साफ संबंध साबित नहीं हुआ है। NYU के मेडिकल एथिक्स डिवीजन के प्रमुख आर्थर कैपलान ने ट्रंप के बयान को "खतरनाक" और "ग़लत सूचना" बताया।
कंपनियों का जवाब
टाइलेनॉल बनाने वाली कंपनी केनव्यू ने कहा कि एसिटामिनोफेन (पेरासिटामोल) गर्भवती महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित दवा है। कंपनी का कहना है कि अगर महिलाएं इसे न लें, तो उन्हें बुखार जैसी स्थितियों का सामना करना पड़ेगा, जो मां और बच्चे दोनों के लिए अधिक हानिकारक हो सकता है।
ट्रंप की पुरानी आदतें
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने वैज्ञानिकों को चौंकाने वाले बयान दिए हों। उनके पहले कार्यकाल के दौरान भी कोविड-19 महामारी के समय उन्होंने कीटाणुनाशक को इंजेक्ट करने जैसे सुझाव दिए थे, जिसकी दुनिया भर में आलोचना हुई थी।
ये भी पढ़ें: 'हनुमान फर्जी भगवान', कौन है ये ट्रंप की पार्टी का नेता, जिसने हिंदू देवताओं पर दिया विवादित बयान












Click it and Unblock the Notifications