'EVM को खराब किया गया, इलेक्शन में धोखाधड़ी हुई', मध्यावधि चुनाव हारकर भड़के डोनाल्ड ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर एक के बाद एक कई पोस्ट लिखकर दोनों राज्यों में चुनाव प्रक्रिया की जमकर आलोचना की है।
Donald Trump News: मध्यावधि चुनाव हारने के बाद पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका को एक 'गिरता हुआ देश' कहा है। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने संयुक्त राज्य को "असफल राष्ट्र" कहते हुए बगैर कोई सबूत पेश किए दावा किया, कि नेवादा और एरिजोना में सीनेट चुनाव परिणाम में धोखाधड़ी की गई है और मतदान को प्रभावित किया गया है। डोनाल्ड ट्रंप की ये बौखलाहट उस वक्त सामने आई है, जब जो बाइडेन की डेमोक्रेटिक पार्टी ने नेवादा में सीनेट चुनाव जीतकर यूएस सीनेट में 50 सीटें हासिल कर ली हैं और रिपब्लिकन पार्टी के सीनेट में बहुमत हासिल करने की उम्मीदों को तोड़ दिया है।

चुनावी नतीजे से भड़के ट्रंप
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, नेवादा में चुनाव जीतकर अनुमान है, कि एरिजोना में भी करीबी मुकाबले में रिपब्लिकन पार्टी हार जाएगी और जो बाइडेन की डेमोक्रेटिक पार्टी के पक्ष में चुनावी नतीजे आएंगे। अगर एरिजाना का चुनाव परिणाम भी बाइडेन की पार्टी के पक्ष में रहता है, तो फिर सीनेट में उनकी पार्टी बहुमत बरकरार रखेगी, जो डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के बड़ा झटका होगा। अभी तक के चुनावी परिणाम के मुताबिक, डेमोक्रेट्स के पास अब रिपब्लिकन की 49 सीटों की तुलना में 50 सीनेट सीटें हासिल हो चुकी हैं, जिससे सीनेट में जो बाइडेन ताकतवर हो जाएंगे। जो बाइडेन के शासनकाल का 2 साल अभी भी बाकी है, और ऐसे में अगर डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी बहुमत हासिल कर लेती, तो बाइडेन के लिए अगले साल का शासन चलाना आसान नहीं होता।

पोस्ट लिखकर ट्रंप ने की आलोचना
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर एक के बाद एक कई पोस्ट लिखकर दोनों राज्यों में चुनाव प्रक्रिया की जमकर आलोचना की है। डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा है कि, "नेवादा और एरिजोना में डेमोक्रेट्स को हर तरह के वोट मिल रहे हैं। यह कितना शर्मनाक है कि ऐसा होने दिया जा सकता है!" डोनाल्ड ट्रंप ने अपने एक और पोस्ट में लिखा है कि,"तो मैरिकोपा काउंटी में भी उन्हें वोट मिल रहा है।" डोनाल्ड ट्रंप ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए लिखआ है कि, "बड़ी संख्या में वोटिंग मशीनों ने काम नहीं किया, लेकिन सिर्फ उन जगहों पर जो रिपब्लिकन जिले हैं। लोगों को घंटों तक इंतजार करने के लिए मजबूर किया गया, और फिर लोग इंतजार करके थक गये और कई लोगों के पास दूसरे भी काम थे। ऐसे में हजारों लोग बिना वोट डाले ही घर लौट आए।" डोनाल्ड ट्रंप ने अपने एक और पोस्ट में लिखा है कि, 'ये एक घोटाला है और मतदान से धोखाधड़ी है।' इसके साथ ही डोनाल्ड ट्रंप ने फिर से चुनाव करवाने की मांग की है।

अमेरिका को बताया गिरता हुआ देश
इसके साथ ही डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका को एक गिरता हुआ देश बताया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा है, कि 'चुनाव में धांधली, खुली हुई सीमाए= थर्ड वर्ल्ड कंट्री। अमेरिका एक असफल होता हुआ राष्ट्र है।' इसके साथ ही उन्होंने लिखा है कि, 'इडियट्स और शायद भ्रष्ट, अधिकारियों एक भ्रष्ट चुनाव को रोकने की कोशिश नहीं की। रिपब्लिकन क्षेत्रों में मशीनें टूट गई और फौरन फिर से चुनाव करवाया जाना चाहिए।' आपको बता दें कि, ये कोई पहली बार नहीं है, जब डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में चुनाव में धांधली करने का आरोप लगाया हो, इससे पहले 2020 राष्ट्रपति चुनाव को भी डोनाल्ड ट्रंप फर्जी चुनाव बता चुके हैं और उनके समर्थक आज भी जो बाइडेन को देश का राष्ट्रपति मानने के लिए तैयार नहीं हैं। धांधली का आरोप लगाकर ही ट्रंप समर्थकों ने अमेरिकी संसद पर पिछले साल 6 जनवरी को हमला कर दिया था, जिसको लेकर अभी भी ट्रायल चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications