Russia floods: रूस के दागेस्तान में कुदरत का कहर! 3 लाख लोग अंधेरे में कैद, मखाचकाला में लगी इमरजेंसी
Russia floods: रूस के दागेस्तान में भारी बारिश और खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि राजधानी मखाचकाला में स्टेट ऑफ इमरजेंसी यानी आपातकाल घोषित कर दिया गया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, करीब 3.27 लाख लोग बिना बिजली के अंधेरे में रहने को मजबूर हैं, जिनमें 80 हजार से ज्यादा बच्चे शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सर्गेई मेलिकोव का कहना है कि स्थिति उनकी उम्मीद से कहीं ज्यादा खराब है। प्रशासन और बचाव दल राहत कार्य में जुटे हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश काम में बाधा डाल रही है।

बिजली का बड़ा संकट
दागेस्तान के 283 गांवों और शहरों की बत्ती पूरी तरह गुल हो चुकी है। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण बिजली की लाइनें टूट गई हैं। मंत्रालय के मुताबिक, लगभग 3 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। इसमें सबसे चिंताजनक बात यह है कि करीब 90,000 बच्चों को इस कड़कड़ाती ठंड और अंधेरे में रहना पड़ रहा है। इंजीनियर और बिजली विभाग की टीमें मरम्मत की कोशिश कर रही हैं, लेकिन खराब मौसम की वजह से काम की रफ्तार बहुत धीमी है।
राजधानी में आपातकाल
राजधानी मखाचकाला में स्थिति बेकाबू होने के बाद प्रशासन ने इमरजेंसी लागू कर दी है। सड़कों पर पानी भर गया है और कई घरों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। प्रशासन ने सभी बचाव सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा है। शहर के मेयर और अधिकारियों का कहना है कि वे प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही अपने घरों से बाहर निकलें।
ये भी पढ़ें: Nayara Energy का मालिक कौन है, जिसने भारत में बढ़ाया Petrol-Diesel का दाम? Russia को कैसे होगा बड़ा फायदा?
रेलवे और पुलों को नुकसान
बारिश का असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं है, बल्कि यातायात पर भी बुरा असर पड़ा है। दागेस्तान के दूसरे बड़े शहर खसाव्युर्त में एक बड़ा रेल पुल टूट गया है। रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा गिरने की वजह से नॉर्थ कॉकस रेलवे की ट्रेन सेवाएं रोकनी पड़ी हैं। पुल के दो बड़े हिस्से पूरी तरह गिर चुके हैं, जिससे रेल संपर्क टूट गया है। इसे ठीक करने में काफी समय और मेहनत लगने की संभावना जताई जा रही है।
ये भी पढे़ं: LPG गैस संकट के बीच भारत को बड़ी राहत, ट्रंप ने समंदर में फंसे 13 करोड़ बैरल रूसी तेल से प्रतिबंध हटाया
आगे के लिए चेतावनी
मौसम विभाग का कहना है कि मुसीबत अभी टली नहीं है। अनुमान है कि यह भारी बारिश रविवार तक जारी रहेगी। मुख्यमंत्री मेलिकोव ने स्वीकार किया कि हालांकि वे तैयारी कर रहे थे, लेकिन प्रकृति का कहर उनकी सोच से कहीं ज्यादा निकला। अगले 24 घंटे क्षेत्र के लिए बहुत चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। प्रशासन अब और ज्यादा नुकसान को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने और निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने पर ध्यान दे रहा है।












Click it and Unblock the Notifications