चीन में Coronavirus की वजह से घर पर साथ रहने वाले कपल्स के बीच झगड़े, अब तलाक के मामलों में इजाफा
बीजिंग। चीन में कोरोना वायरस की वजह से 3,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। चीन एक तरफ कोरोना वायरस के दिए दर्द से उबरने की कोशिश कर रहा है मगर यहां पर अब एक नई समस्या ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। कोरोना वायरस की वजह से यहां पर तलाक के मामलों में इजाफा हुआ है। पिछले एक माह के अंदर तलाल के लिए जो याचिकाएं दायर की गई हैं, उन्हें देखकर हर कोई हैरान है। चीनी अधिकारियों की तरफ से बताया गया है कि आपस में समय बिताने की वजह से यह समस्या पैदा हुई है।

अब तक 300 अर्जियां
चीन में रजिस्टार के ऑफिसेज में 24 फरवरी से तलाक की अर्जियों में इजाफा हुआ है। दक्षिणी-पूर्वी चीन के तहत आने वाले सिचुआन प्रांत के दाझोउ में स्थित रजिस्टार ऑफिस में 24 फरवरी से अब तक 300 अर्जियां तलाक की आ चुकी हैं। रजिस्ट्री की तरफ से यह जानकारी दी गई है कि वायरस फैलने के बाद से इसमें तेजी देखी गई है। कई लोगों का कहना है कि आइसोलेशन में रहने की वजह से पति-पत्नियों में होने वाली कलह इसकी सबसे बड़ी वजह है। लोग ज्यादा समय तक घर पर रहे और इसकी वजह से उनमें मतभेद तेजी से उभरे। दाझोउ के मैरिज रजिस्ट्री ऑफिस के मैनेजर ल्यू शिजुन ने डेली मेल को बताया कि यहां पर तलाक के मामलों में पहले की तुलना में तेजी से इजाफा हुआ है।

छोटी-छोटी बातों पर बहस
ल्यू के मुताबिक युवाओं को वायरस की वजह से घर पर ज्यादा समय तक रहना पड़ा और उन्हें साथ में काफी समय बिताना पड़ा। इसकी वजह से छोटी-छोटी बातों पर भी उनके बीच बहस हुई। कुछ अधिकारियों का कहना है कि वायरस की वजह से एप्लीकेशंस में हुई देरी की वजह से यह नई स्थिति पैदा हुई है। काउंसिल के सभी ऑफिस वायरस की वजह से करीब एक माह तक बंद थे। फुजियान प्रांत के फुझोउ में ऑफिशियल्स ने तलाक अर्जियों की सीमा 10 निर्धारित कर दी है। शान्क्सी प्रांत के शीयान में भी यही समस्या है। एक मार्च को यहां पर रजिस्ट्री ऑफिस को दोबारा खोला गया है और तलाक के लिए अप्वाइंटमेंट्स की रिक्वेस्ट ने अधिकारियों को हैरान कर दिया है।

अब वैज्ञानिक कर रहे हैं रिसर्च
एक जिले में तो एक दिन में तलाक की 14 अर्जियां पहुंची हैं। अब वैज्ञानिक इस बात को लेकर बहस कर रहे हैं कि क्या कपल्स का ऐसे समय में साथ रहना और समय बिताना फायदेमंद साबित होगा। साल 2018 में एक स्टडी में यह बात सामने आई थी कि ऐसे कपल्स जो शादी से पहले साथ में रहते हैं, उनमें शादी के पहले साल में तलाक के मसले बहुत कम रहते हैं। लेकिन पांच साल में उनके बीच तलाक के मसलों में तेजी से इजाफा होता है। चीन में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए ज्यादातर शहरों को एक माह तक के लिए बद कर दिया गया था।

चीन में कोरोना के मामलों में तेजी से कमी
जहां दुनिया के तमाम देशों में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं तो वहीं चीन में इन मामलों में तेजली से कमी आ गई है। कोरोना वायरस की वजह से कई देशों में लॉकडाउन की स्थिति है। भारत समेत कई देशों में स्कूलों, दुकानों, मॉल्स और रेस्टोरेंट्स को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। अमेरिका के न्यूयॉर्क में मेयर की तरफ से शहर में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications