अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपेयो बोले-जासूसी का अड्डा है चीनी कांसुलेट
वॉशिंगटन। अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोंपेयो ने चीन पर जासूसी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि टेक्सास राज्य के शहर ह्यूस्टन में चाइनीज कांसुलेट जासूसी का अड्डा था। आपको बता दें कि अमेरिका ने सोमवार को चीन को आदेश दिया था कि वह ह्यूस्टन स्थित अपना दूतावास बंद कर दे। इसके बाद यहां पर डॉक्यूमेंट्स को जलाने की घटना सामने आई थी। घटना के बाद अमेरिकी सरकार की तरफ से चीन को आदेश दिया गया था कि वह अगले 72 घंटों के अंदर बिल्डिंग को खाली कर दे।

Recommended Video
चीन पर लगाए और आरोप
कैलिफोर्निया में गुरुवार को पोंपेयो ने कहा कि ह्यूस्टन स्थित चीनी दूतावास जासूसी का अड्डा था। पोंपेयो के शब्दों में, 'इस हफ्ते हमनें ह्यूस्टन स्थित चीनी कांसुलेट को बंद किया है क्योंकि यह जासूसी का अड्डा था और यहां से बौद्धिक संपदा की चोरी हो रही थी।' पोंपेयो ने इसके साथ ही चीन पर व्यापार की गलत प्रक्रिया, मानवाधिकार हनन और अमेरिकी समाज में घुसपैठ का आरोप लगाया है। दूसरी ओर अमेरिकी न्याय विभाग की तरफ से कहा गया है कि सैन फ्रांसिस्को में एक और चीनी कांसुलेट एक ऐसे रिसर्चर को पनाह दिए हुए है जिसने अपने देश की सेना के साथ संबंधों से इनकार किया था। न्याय विभाग की तरफ से चीनी वैज्ञानिक के अलावा तीन और लोगों पर सरकार के साथ संबंधों को छिपाने का आरोप लगाया गया है। जांचकर्ताओं के हवाले से सीएनएन ने बताया है कि वैज्ञानिक तांग जुआन चीन के सैन फ्रांसिस्को वाले कांसुलेट में छिपी हुई हैं। जुआन एक रिसर्चर हैं जो जीव विज्ञान आधारित अध्ययनों से जुड़ी हैं।
25 से ज्यादा शहरों में संदिग्ध
उन पर 26 जून को वीजा धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया था। एफबीआई का कहना है कि 25 से ज्यादा अमेरिकी शहरों में संदिग्ध हैं जिनका चीन की मिलिट्री के साथ करीबी रिश्ता है। चीनी दूतावास को बंद करने के अमेरिकी आदेश से चीन भी हैरान है। पोंपेयो की तरफ से आए इस बयान को बहुत ही अहम माना जा रहा है। एक ही दिन पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कह चुके हैं कि वह चीन के कुछ और कांसुलेट्स को बंद करने के आदेश दे सकते हैं। पोंपेयो का कहना है कि चीन के साथ आंख बंदकर जो रिश्ते जारी थे, अब उसे बंद करने का समय आ चुका है। अमेरिका की तरफ से पिछले कुछ समय से चीन पर हमलों का सिलसिला जारी है।












Click it and Unblock the Notifications