चीन के प्रधानमंत्री ने शहबाज शरीफ को किया टेलीफोन, पाकिस्तान में चीनी नागरिकों की सुरक्षा की मांगी गारंटी
पाकिस्तान बेहद खराब आर्थिक हालातों से गुजर रहा है और चीन ने पाकिस्तान के दिए गये कर्ज को रीस्ट्रक्चर कर दिया है।

China Pakistan: चीन के नए प्रधानमंत्री ली कियांग ने गुरुवार को अपने पाकिस्तानी समकक्ष शहबाज शरीफ के साथ फोन पर बातचीत की है और इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान में काम करने वाले चीनी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
चीनी प्रधानमंत्री ने उस वक्त शहबाज शरीफ को फोन किया है, जब पाकिस्तान के आर्मी चीफ सैयद आसिम मुनीर चीन के दौरे पर हैं और उन्होंने चीन से पाकिस्तान के लिए वित्तीय मदद की मांग की है। चीनी प्रधानमंत्री ने शहबाज शरीफ से टेलीफोन पर की गई बातचीत के दौरान उन्हें बड़ा आश्वासन दिया है।
चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के भोंपू ग्लोबल टाइम्स के मुताबिकस, चीन के प्रधामंत्री ने शहबाज शरीफ से बातचीत के दौरान वित्तीय स्थिरता बनाए रखने के लिए नकदी की तंगी से जूझ रहे पाकिस्तान का समर्थन किया।
लेकिन, इसके साथ ही चीनी प्रधानमंत्री ने साफ शब्दों में शहबाज शरीफ को कहा है, कि पाकिस्तान में काम कर रहे चीनी नागरिकों और चीनी संस्थानों की सुरक्षा की पाकिस्तान गारंटी दे और उनके काम करने के लिए अनुकूल माहौल बनाकर रखे।
आपको बता दें, कि पाकिस्तान में चीनी नागरिकों को बार बार निशाना बनाया गया है और इसी महीने एक चीनी इंजीनियर की ईशनिंदा के आरोप में मॉब लिचिंग करने की कोशिश की गई।
पाकिस्तान को मदद का भरोसा
पाकिस्तानी मीडिया ने कहा है, कि चीन ने पाकिस्तान को अच्छा पड़ोसी, दोस्त, साझेदार और भाई बताया है और चीनी प्रधानमंत्री ली ने कहा, कि दोनों पक्षों को उच्च स्तरीय आदान-प्रदान बनाए रखना चाहिए और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग में अधिक प्रगति को बढ़ावा देना चाहिए।
प्रधानमंत्री ली, जिन्होंने इसी साल मार्च में प्रीमियर के रूप में पदभार ग्रहण किया है, उन्होंने यह भी कहा, कि "चीन वित्तीय स्थिरता बनाए रखने में पाकिस्तान का समर्थन करता है, और आशा करता है कि पाकिस्तान एक अनुकूल वातावरण बनाना जारी रखेगा, ताकि पाकिस्तान में चीनी संस्थानों और कर्मियों की सुरक्षा की गारंटी दी जा सके।"
चीनी प्रधानमंत्री चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) के तहत पाकिस्तान में चीनी कर्मियों और परियोजनाओं पर लगातार आतंकी हमलों का जिक्र कर रहे थे। पिछले साल भी दासू डैम परियोजना में काम कर रहे इंजीनियरों की टीम को ले जा रही बस को धमाके से उड़ा दिया गया था, जिसमें कई चीनी इंजीनियर मारे गये थे। उस घटना के बाद चीन ने पाकिस्तान से करोड़ों का मुआवजा वसूला था।
वहीं, चीनी प्रधानमंत्री से बात करने के दौरान शहबाज शरीफ ने कहा, कि "पाकिस्तान में चीनी कर्मियों, संस्थानों और परियोजनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पाकिस्तान हर संभव प्रयास करेगा।"
इस दौरान शहबाज शरीफ ने चीन के प्रधानमंत्री को पाकिस्तान की सुरक्षा और संप्रभुता को बढ़ावा देने के लिए उनका आभार जताया। आपको बता दें, कि राजनीतिक और सैन्य समर्थन के अलावा, चीन ने पाकिस्तान को आर्थिक रूप से समर्थन दिया है, पहले के ऋणों को आगे बढ़ा दिया है और नए वित्तीय पैकेजों को मंजूरी दी है।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने इस दौरान तिब्बत, हांगकांग, शिनजियांग, एक चीन नीति और दक्षिण चीन सागर को लेकर चीन का मजबूती से समर्थन का वादा भी किया।
पाकिस्तानी मीडिया ने कहा, कि शहबाज शरीफ ने चीनी प्रधानमंत्री के साथ हुई टेलीफोन पर बातचीत के दौरान विवादित जम्मू और कश्मीर मुद्दे पर चीन की "सिद्धांतपूर्ण स्थिति" के लिए अपने चीनी समकक्ष को धन्यवाद दिया। पाकिस्तानी मीडिया ने कहा, कि चीनी प्रधानमंत्री ने शहबाज शरीफ से कहा, कि "चीन हर समय पाकिस्तान के साथ खड़ा रहेगा।"












Click it and Unblock the Notifications