अमेरिका में पारा 53 डिग्री पार, अभी नहीं मिलेगी राहत, कुछ दिन में टूटेंगे 100 से अधिक रिकॉर्ड
वाशिंगटन, 03 सितंबरः अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। नेशनल न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक कैलफोर्निया की डेथ वैली ने शुक्रवार को 53 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दुनिया का सबसे गर्म सितंबर दिवस दर्ज किया है। अमेरिका में राष्ट्रीय मौसम सेवा ने अत्यधिक गर्मी की चेतावनी जारी की है। राष्ट्रीय मौसम सेवा के मुताबिक अगले 5 दिनों तक गर्मी में राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

टूटेंगे 100 से अधिक रिकॉर्ड
डेथ वैली के प्रतिनिधि एबी वाइन ने रॉयटर्स को बताया कि सितंबर के लिए तापमान असामान्य रूप से अधिक है। बेहद गर्मी पड़ रही है जिससे पसीना तेजी से वाष्पित हो जा रहा है। लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि वे अधिक गर्म हैं या डिहाइड्रेट हैं। नेशनल वेदर सर्विस के मुताबिक इस साल देशभर में 100 से ज्यादा रिकॉर्ड टूटने की आशंका है।

चिंतित गवर्नर बोले- प्रकृति ने छोड़ा साथ
भीषण गर्मी को देखते हुए कैलिफोर्निया के गर्वनर गेविन न्यूजॉम ने आपातकाल की घोषणा कर दी है। गेविन ने कहा कि प्रकृति को नुकसान पहुंचाना अब भारी पड़ रहा है। यह साफ स्पष्ट दिख रहा है कि प्रकृति ने हमारा साथ छोड़ दिया है। हम जो जीवन जी रहे हैं वह चरम पर पहुंच चुका है। पृथ्वी अत्यधिक बाढ़ और लगातार सूखे का सामना कर रही है।

ई-वाहन को चार्ज न करने का आदेश
बता दें कि राज्य में ग्रिड ऑपरेटर्स की पॉवर कट की चेतावनी लोगों की मुश्किलें और बढ़ा सकती है। ग्रिड ऑपरेटर ने संभावित बिजली संकट की चेतावनी दी है। माना जा रहा है कि इससे बुधवार को ब्लैकआउट हो सकता है। बिजली कटौती को देखते हुए ई-वाहन चालकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी गाड़ी को चार्ज न करें। राज्य ने जनता के लिए कूलिंग सेंटर भी स्थापित किया है।

जलवायु परिवर्तन के कारण बढ़ रहा रिकॉर्ड तापमान
यह साल 2020 की गर्मियों के बाद से कैलिफोर्निया के ग्रिड के लिए यह सबसे बड़ी परीक्षा है। दो साल पहले राज्य के कुछ हिस्सों में गंभीर बिजली संकट पैदा हो गया था। बता दें कि वर्तमान संकट तब आया है, जब यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध यूरोप में ऊर्जा संकट को बढ़ा रहा है। इसके साथ ही दुनिया भर में जलवायु परिवर्तन के कारण बढ़ रहे रिकॉर्ड तापमान के बीच ग्रिड ऑपरेटर की चेतावनी ने गंभीर संकट को उजागर किया है।












Click it and Unblock the Notifications