Boris Johnson: ब्रिटेन के पूर्व PM बोरिस जॉनसन आठवीं बार बने पिता, तीसरी पत्नी ने दिया तीसरे बच्चे को जन्म
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आठवीं बार पिता बन गए हैं। बोरिस जॉनसन की पत्नी कैरी जॉनसन ने बेटे के जन्म की घोषणा की है। यह उनका तीसरा बच्चा है और उनके प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद यह पहला बच्चा है।
कैरी जॉनसन ने इंस्टाग्राम पर घोषणा की कि वो तीसरी बार मां बनी हैं। पोस्ट के मुताबिक इस बच्चे का नाम फ्रैंक अल्फ्रेड ओडीसियस जॉनसन रखा गया है। फ्रैंक जॉनसन का जन्म 5 जुलाई को हुआ था।

कैरी जॉनसन ने सोशल मीडिया पर लोगों से पूछा है कि क्या आप अनुमान लगा सकते हैं कि मेरे पति ने कौन सा नाम चुना है?
इंस्टाग्राम पर कैरी जॉनसन ने लिखा, "दुनिया में आपका स्वागत है फ्रैंक अल्फ्रेड ओडीसियस जॉनसन। 5 जुलाई को सुबह 9.15 बजे जन्म। मेरे दो बड़े बच्चों को अपने नए भाई को इतनी खुशी और उत्साह के साथ गले लगाते देखना सबसे अद्भुत है।"
इंस्टाग्राम पर, कैरी जॉनसन ने लिखा है कि उनका परिवार 'बहुत खुश' महसूस कर रहा है। गौरतलब है कि बोरिस जॉनसन कोरोना शुरू होने के बाद से तीसरी बार पिता बन चुके हैं।
मिस्टर एंड मिसेज जॉनसन की पहली संतान विल्फ्रेड का जन्म 29 अप्रैल 2020 को, कोरोना काल में हुआ था और उनकी बेटी रोमी का जन्म 9 दिसंबर 2021 को हुआ था। बोरिस जॉनसन ने अपनी गर्लफ्रेंड कैरी जॉनसन से मई 2021 में शादी की थी।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और कैरी साइमंड्स के बीच 23 सालों के उम्र का फासला है और प्रधानमंत्री बनने के बाद 2019 से ही दोनों डाउनिंग स्ट्रीट में एक साथ रह रहे थे।
इससे पहले बोरिस जॉनसन ने मरीना व्हीलर से शादी की थी और पिछली शादी से उन्हें चार बच्चे हैं। इसके अलावा बोरिस जॉनसन की एक अन्य बेटी अवैध संबंध से हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोरिस जॉनसन का एक अफेयर हेलेन मैकिनटायर नाम की आर्टिस्ट के साथ भी था, जिससे उन्हें एक बच्ची हुई।
हालांकि बोरिस जॉनसन ने कभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है। बोरिस जॉनसन की पहली पत्नी एलेग्रा मोस्टिन-ओवेन से उनकी कोई संतान नहीं थी।












Click it and Unblock the Notifications