100 वर्ष और नौ राष्ट्रपतियों ने जो नहीं किया वह ओबामा ने किया!
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने 214 कैदियों की सजा माफ कर दी है। अब तक अपने कार्यकाल में ओबामा कुल 562 कैदियों की सजा माफ कर चुके हैं। बुधवार को जिन 214कैदियों की सजा माफ की गई है उनमें से 67 कैदियों का मौत की सजा मिली हुई थी।

व्हाइट हाउस ने दी जानकारी
व्हाइट हाउस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल में इस बात की जानकारी दी है। व्हाइट हाउस ने बताया है कि अमेरिका दुनिया का ऐसा देश है जहां लोगों को दूसरा मौका दिया जाता है। व्हाइट हाउस के मुताबिक पिछले सौ वर्षों में पहली बार किसी राष्ट्रपति ने एक दिन में इतने अधिक लोगों की सजा माफ की है।
कैसे होगी रिहाई
व्हाइट हाउस की ओर से जारी एक प्रेस रिलीज में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने सजा माफी का फैसला यह देख कर किया कि ड्रग्स से जुड़े अहिंसक मामलों में पुराने और जरूरत से अधिक कड़े कानून के तहत सजा दी गई है।
हालांकि सभी कैदियों को तुरंत रिहा नहीं किया जाएगा। कुछ कैदियों की सजा वर्तमान के कानून के मुताबिक कम कर दी जाएगी। जबकि बाकी लोगों को पहले नशा मुक्ति कार्यक्रम पूरा करना होगा।
ओबामा ने किया फेसबुक अपडेट
ओबामा ने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा है कि कुछ महीनों पहले उन्हें फ्लोरिडा के शर्मन चेस्टर नाम के एक व्यक्ति की चिट्ठी मिली थी। इसमें उन्होंने लिखा था कि उन्होंने जिंदगी में कुछ गलत फैसले लिए और अब उन्हें एक नशे के आरोप में उम्रकैद की सजा मिली है।
ओबामा ने बताया कि शर्मन को सजा देते हुए जज ने कहा था कि उन्हें यकीन नहीं है कि कानून के तहत उन्हें ऐसी सजा देनी पड़ रही है जो अपराध की तुलना में कहीं अधिक है।
ओबामा ने लिखा कि पिछले नौ राष्ट्रपतियों ने कुल मिला कर जितने लोगों की सजा माफ की है उन्होंने उससे अधिक लोगों को जीने का दूसरा मौका दिया है, और वो ऐसा करते रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications