Bangladesh: पूर्व PM खालिदा वेंटिलेटर पर, दोनों किडनी ने किया काम बंद, दिल भी दे सकता है जवाब
Bangladesh: पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी प्रमुख खालिदा जिया की तबीयत तेजी से खराब हो गई है। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। उनकी उम्र 80 साल है और वे लंबे समय से कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं। यह जानकारी उनकी मेडिकल टीम ने जारी की है।
सांस की दिक्कत बढ़ी, ऑक्सीजन लेवल गिरा
मेडिकल बोर्ड के प्रमुख और कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. शाहबुद्दीन तालुकदार ने बताया कि उनकी सांस लेने में मुश्किल बढ़ गई है, ऑक्सीजन का स्तर गिर गया और शरीर में कार्बन डाइऑक्साइड का लेवल तेजी से बढ़ गया। डॉक्टरों के मुताबिक ये लक्षण दिखाते हैं कि उनकी हालत लगातार बिगड़ रही है।

हाई फ्लो ऑक्सीजन से नहीं हुआ सुधार
डॉक्टर्स ने बताया कि पहले खालिदा जिया को हाई फ्लो नासल कैनुला और BiPAP सपोर्ट पर रखा गया था, लेकिन तब भी उनके फेफड़ों और अन्य अंगों को पर्याप्त आराम नहीं मिल पा रहा था। इसी वजह से उन्हें अब वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया है।
23 नवंबर से अस्पताल में भर्ती
खालिदा जिया 23 नवंबर से ढाका के एवरकेयर अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें कई तरह की स्वास्थ्य जटिलताएं हैं और स्थानीय व अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार उनके कई महत्वपूर्ण अंगों पर भारी दबाव है।
किडनी पूरी तरह फेल, नियमित डायलिसिस जारी
मेडिकल बोर्ड ने स्थिति बताते हुए कहा कि उनकी किडनी पूरी तरह फेल हो चुकी है और उन्हें नियमित डायलिसिस दिया जा रहा है। इसके अलावा, उन्हें लगातार ब्लड ट्रांसफ्यूजन की भी जरूरत पड़ रही है।
हृदय के वॉल्व में गंभीर समस्या
डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें एओर्टिक वॉल्व में भी दिक्कत मिली है। लगातार बुखार रहने और इकोकार्डियोग्राफी में समस्या दिखने के बाद मेडिकल टीम ने ट्रांससोफेजियल इकोकार्डियोग्राम (TEE) कराया, जिसमें इन्फेक्टिव एंडोकार्डिटिस की पुष्टि हुई-यह दिल के वॉल्व में होने वाला गंभीर संक्रमण है। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय दिशानिर्देशों के अनुसार इलाज शुरू कर दिया गया है।
पैंक्रियाटाइटिस का भी निदान
27 नवंबर को, गंभीर संक्रमणों के लिए हाई-ग्रेड एंटीबायोटिक और एंटी-फंगल दवाएं लेने के दौरान, डॉक्टरों ने उनमें एक्यूट पैंक्रियाटाइटिस की भी पहचान की। यह मेडिकल बोर्ड का उनकी स्थिति पर पहला आधिकारिक और विस्तृत बयान है।
डॉक्टर्स ने अफवाहों पर रोक लगाने की अपील की
मेडिकल बोर्ड ने जनता और मीडिया से अपील की है कि खालिदा जिया की सेहत पर गलत सूचना या अफवाहें न फैलाएं। उन्होंने कहा कि टीम पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ उपचार कर रही है और परिवार की निजता का सम्मान किया जाना चाहिए।
CCU में शिफ्ट, हालत में सुधार नहीं
23 नवंबर को सीने में संक्रमण के बाद अस्पताल में भर्ती खालिदा जिया की हालत और बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें चार दिन बाद CCU (कोरोनरी केयर यूनिट) में शिफ्ट किया गया। संक्रमण ने उनके हृदय और फेफड़ों दोनों को प्रभावित किया है।
लंदन एयरलिफ्ट की योजना टली
बीते सप्ताह मेडिकल बोर्ड ने उन्हें इलाज के लिए लंदन ले जाने की मंजूरी दी थी। लेकिन कतर से आने वाली एयर एम्बुलेंस ढाका नहीं पहुंच सकी, जिससे यात्रा की योजना स्थगित करनी पड़ी।डॉक्टरों ने कहा कि अब उन्हें एयरलिफ्ट तभी किया जाएगा जब वे यात्रा करने लायक स्थिर होंगी।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications