Baltimore bridge collapse: भारत को लेकर इतनी नफरत! नस्लीय कार्टून से खुल गई अमेरिका की पोल
Baltimore bridge collapse racist cartoon: भारत भले ही चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया हो, भारत की सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री भले ही दुनिया में अपना लोहा मनवा चुकी हो, भले ही भारत में जन्में प्रोफेशनल्स आज दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियों के CEO हों, लेकिन पश्चिमी देशों की मानसिकता भारत को लेकर घिनौनी ही रही है।
ये एक बार फिर से उस वक्त साबित हुआ है, जब बाल्टीमोर ब्रिज हादसे के बाद अमेरिका में एक कार्टून जारी किया है, जिसमें भारत को लेकर बेहद घृणास्पद और असंवेदनशील नस्लीय चित्रण किया गया है।

भारत को लेकर नस्लीय कार्टून
संयुक्त राज्य अमेरिका से प्रकाशित होने वाले विवादास्पद फॉक्सफोर्ड कॉमिक्स, जो नस्लीय टिप्पणियों और दूसरे समाजों को गलत तरीके से दिखाने के लिए कुख्यात है, उसने बाल्टीमोर ब्रिज हादसे के बाद कार्टून जारी किया है, जिसकी सख्त आलोचना की जा रही है। आपको बता दें, कि इस कार्टून में बाल्टीमोर में फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज के साथ टक्कर में शामिल DALI मालवाहक जहाज के भारतीय चालक दल को दिखाया गया है।
इस कार्टून को फॉक्सफोर्ड कॉमिक्स ने डिजाइन किया है, जिसमें भारतीय क्रू मेंबर्स को धोती पहने हुए दिखाया गया है और कार्टून में दिखाया गया है, कि जहाज में मिट्टी का कीचड़ भरा हुआ है और ये जहाज ब्रिज से टकरा गया है और भारतीय क्रू मेंबर्स सिर्फ हल्ला मचा रहे हैं। इस कार्टून के साथ जो ऑडियो है, वो गालियों से भरा हुआ है और कार्टून बनाने वालों की मंशा साफ तौर पर भारत को अनपढ़, अशिक्षित और आदिवासी युग का दिखाने की है।
क्रू मेंबर्स को धोती में दिखाकर कार्टून बनाने वालों ने भारत की प्राचीन पहनावे का मजाक उड़ाया है। बड़ी दाढियों के साथ उन्हें आदिमानव सरीखा दिखाया है, मानो उन्हें जहाज चलाना आता ही नहीं हो। ये सभी क्रू मेंबर्स कार्टून में नंगे बदन है, यानि कार्टून बनाने वालों ने घृणी की सारी हदें पार कर दी है और ये कार्टून बताता है, कि अमेरिका का एक तबका भारत को लेकर क्या नजरिया रखता है।
फॉक्सफोर्ड कॉमिक्स ने वीडियो शेयर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, कि "डाली जहाज के ब्रिज से टकराने से पहले का आखिरी ज्ञात ऑडियो रिकॉर्डिंग।" इस कार्टून में अंग्रेजी भाषा में दिखाया गया है, कि भारतीय क्रू मेंबर्स एक दूसरे को भारतीय लहजे में गाली दे रहे हैं।
भारत के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी वाले इस कार्टून को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 42 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और हजारों लोगों ने इस कार्टून की आलोचना की है और इसे नस्लीय कार्टून करार दिया है। साथ ही ये भी बताया गया है, कि समुद्री गाइडलाइंस के मुताबिक, जहाज में एक स्थानीय अमेरिकी पायलट भी होना चाहिए था।
भारतीय प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य, भारतीय अर्थशास्त्री संजीव सान्याल ने भी विवादित कार्टून की आलोचना की है और उन्होंने इस बात पर जोर दिया है, कि हादसे से पहले भारतीय चालक दल ने अधिकारियों को सतर्क कर दिया था और यही वजह है, कि अधिकारियों ने पहले ही ब्रिज को बंद कर दिया था, नहीं तो सैकड़ों लोगों की मौत हो सकती थी। ब्रिज बंद करने की वजह से ब्रिज से गाड़ियों की आवाजाही रूक गई थी, जिसकी तारीफ अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी की है।
संजीव सान्याल ने इस त्रासदी पर नस्लीय कार्टून बनाने वालों की आलोचना की है।
उन्होंने कहा, "जिस समय जहाज पुल से टकराया, उस समय उसका कोई स्थानीय पायलट रहा होगा।"
उन्होंने लिखा है, कि "किसी भी स्थिति में, चालक दल के सदस्यों ने अधिकारियों को हादसे से पहले ही सूचना दे दी थी, जिसकी वजह से नुकसान काफी कम हो गया, लेकिन भला नस्लीय कार्टून बनाने का मौका क्यों छोड़ें?"
वहीं, संजीव सान्याल के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने पूछा है, कि "आप लोग इस बारे में कुछ क्यों नहीं कर रहे हैं? मेरा मतलब है, भारतीयों के खिलाफ नस्लवाद हाल ही में आसमान छू गया है।"
आपको बता दें, कि बाल्टीमोर ब्रिज हादसे में जो जहाज ब्रिज से टकराया था, उसमें 22 भारतीय चालक दल के सदस्य थे और हादसे की वजह जहाज से बिजली कनेक्शन कट जाना था, जिसकी वजह से जहाज का इंजन फेल हो गया था और जहाज ऑउट ऑफ कंट्रोल हो गया। जिसके बाद चालक दल के सदस्यों ने फौरन स्थानीय अधिकारियों को खबर दे दी थी और ब्रिज को ब्लॉक कर दिया गया। जिसकी वजह से, इस टक्कर में सिर्फ 6 लोगों की मौत हुई, जो उस वक्त ब्रिज पर काम कर रहे थे। अमेरिका के राष्ट्रपति और स्थानीय गवर्नर ने भारतीय चालक दल के सदस्यों की तारीफ की थी।












Click it and Unblock the Notifications