अजरबैजान एयरलाइंस का विमान कजाकिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त, 42 लोगों की मौत, 25 हुए घायल, देखिए वीडियो
क्रिसमस के दिन एक दिल दहला देने वाले एक हादसे में बाकू से ग्रोजनी जा रहा अजरबैजान एयरलाइंस का विमान पश्चिमी कजाकिस्तान के अक्ताउ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सवार 67 यात्रियों और चालक दल के पांच सदस्यों में से 42 लोगों की मौत हो गई। जबकि 25 लोग चमत्कारिक रूप से बच गए।
Recommended Video
भयावह दृश्य, धुएं और आग की लपटों में घिरा विमान
एक असत्यापित वीडियो में दिखाया गया है कि विमान आग की भीषण लपटों में घिरा हुआ था और दुर्घटना स्थल से घना काला धुआं उठ रहा था। कजाख परिवहन मंत्रालय ने इस त्रासदी की पुष्टि करते हुए टेलीग्राम पर एक बयान में कहा कि बाकू-ग्रोजनी मार्ग पर चलने वाला अजरबैजान एयरलाइंस का विमान अक्ताउ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

आपातकालीन लैंडिंग की कोशिश में हुई त्रासदी
विमान की पहचान एम्ब्रेयर 190 के रूप में की गई। जिसकी उड़ान संख्या J2-8243 थी। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार ग्रोजनी में खराब मौसम और घने कोहरे के कारण विमान को अक्ताउ की ओर मोड़ दिया गया था। दुर्भाग्यवश आपातकालीन लैंडिंग के प्रयास के दौरान विमान अक्ताउ से लगभग 3 किलोमीटर दूर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
रूस के विमानन प्राधिकरण ने प्राथमिक जांच में पक्षी से टक्कर की संभावना जताई है। जिससे पायलट को आपातकालीन लैंडिंग करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
बचे हुए लोगों की स्थिति गंभीर, अस्पताल में भर्ती
घटनास्थल पर पहुंची आपातकालीन सेवाओं ने आग बुझाने और बचाव अभियान चलाने में तेजी दिखाई। बचाए गए 25 लोगों में से 22 को गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राष्ट्रपति अलीयेव ने रद्द की अपनी रूस यात्रा
इस हादसे के बाद अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने रूस की अपनी यात्रा को रद्द कर दिया और तुरंत बाकू लौटने का निर्णय लिया। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। चेचन नेता रामजान कादिरोव ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
भविष्य की सुरक्षा पर सवाल
यह दुखद घटना न केवल हवाई यात्रा की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाती है। बल्कि आपातकालीन स्थितियों में बेहतर प्रतिक्रिया तंत्र की आवश्यकता को भी उजागर करती है। विमानन विशेषज्ञ दुर्घटना की गहन जांच कर रहे हैं और उम्मीद है कि इस आपदा से सीखे गए सबक भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने में मदद करेंगे।
दुनियाभर के लोग व्यक्त कर रहे संवेदनाएं
दुनिया भर से लोग इस त्रासदी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। हवाई यात्रा में सुरक्षा के मानकों पर गंभीर बहस छिड़ी हुई है और उम्मीद की जा रही है कि इस त्रासदी के पीछे के कारणों का जल्द ही पता चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications