Pakistan में हिंदू मंत्री खील दास के काफिले पर हमला, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दिए जांच के आदेश
पाकिस्तान (Pakistan) में अब आम हिंदू ही नहीं, बल्कि पाक सरकार में हिंदू मंत्री भी सुरक्षित नहीं है। सिंध प्रांत के थट्टा जिले में एक रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने एक हिंदू समुदाय से आने वाले केंद्रीय राज्य मंत्री खील दास कोहिस्तानी (Kheal Das Kohistani) के काफिले पर हमला कर दिया।
इस हमले ने न केवल देश की राजनीति में हलचल मचा दी है, बल्कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारी सिंध में नई नहरों की योजना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान, जब खील दास कोहिस्तानी का काफिला उस क्षेत्र से गुजर रहा था, तो भीड़ ने उनके काफिले पर टमाटर और आलू फेंके।

इस दौरन संघीय सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी की। सौभाग्यवश, हमले में कोहिस्तानी को किसी प्रकार की शारीरिक चोट नहीं पहुंची। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने खील दास कोहिस्तानी को फोन कर हालचाल जाना और हमले की कड़ी निंदा की।
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "जन प्रतिनिधियों पर हमला अस्वीकार्य है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।" उन्होंने इस घटना की गहराई से जांच कराने के निर्देश भी दिए हैं। वहीं, सूचना मंत्री अता तरार ने सिंध के पुलिस महानिरीक्षक गुलाम नबी मेमन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जबकि संघीय गृह सचिव से भी पूरे घटनाक्रम पर विवरण प्रस्तुत करने को कहा गया है।
सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने भी हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे "लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला" बताया। उन्होंने हैदराबाद क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक को निर्देश दिया है कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
खील दास कोहिस्तानी का राजनीतिक सफर
नेशनल असेंबली की वेबसाइट के अनुसार, खील दास कोहिस्तानी सिंध के जमशोरो जिले से ताल्लुक रखते हैं। वे 2018 में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ (PML-N) से पहली बार सांसद चुने गए थे। पांच साल का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद वे 2024 में पुनः निर्वाचित हुए और उन्हें धार्मिक मामलों का राज्य मंत्री नियुक्त किया गया।












Click it and Unblock the Notifications