नेपाल में आफत की बारिश के बाद भूस्खलन, 13 लोगों की मौत, 10 लापता
आपदा के मद्देनजर गृह मंत्री बाल कृष्ण खांड ने खोज और बचाव कार्यों के लिए हेलीकॉप्टर तैनात करने के आदेश दिए हैं।
अछाम, 17 सितंबर : नेपाल के सुदूर पश्चिम जिला अछाम ( Achham District in Far West Nepal) के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन (Landslide) की वजह से अभी तक 13 लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं इस प्राकृतिक आपदा में 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं। इस विषय पर जिले के उप अधिकारी दीपेश रिजाल ने कहा है कि, भूस्खलन के बाद अछाम जिले के विभिन्न इलाकों में बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। वहीं, 10 लोगों को इस आपदा से बचा लिया गया है। ( Landslides in Achham District of Nepal )

नेपाल में भारी बारिश के बाद भूस्खलन
आपदा के मद्देनजर गृह मंत्री बाल कृष्ण खांड ने खोज और बचाव कार्यों के लिए हेलीकॉप्टर तैनात करने के आदेश दिए हैं। नेपाल में इस वक्त लगातार भारी बारिश हो रही है। जिसके परिणामस्वरूप बाढ़ और भूस्खलन जैसी समस्या उत्पन्न हो गई है।

13 लोगों की मौत, कई लापता
बता दें कि, भारी बारिश की वजह से नेपाल के दारचुला जिले के बंगबगड़ इलाके में पिछले शनिवार को आई बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 11 लापता हो गए। लगातार बारिश के कारण लस्कू और महाकाली नदियां उफान पर है । बाढ़ की वजह से इलाके के दो पुलों, कई घर पानी में बह गए। नेपाल के कई इलाकों में बाढ़ की वजह से हालात बिगड़ते जा रहे हैं।

नेपाल में हर साल होता है बारिश का कहर
रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल में हर साल मानसून के मौसम में बाढ़ और भूस्खलन की समस्याओं से लोगों को जूझना पड़ता है। जिसके कारण देश के जान-माल का नुकसान झेलना पड़ता है।

पाकिस्तान भी बाढ़ से ग्रसित
हाल फिलहाल में देखें तो पड़ोसी देश पाकिस्तान भारी बारिश के कारण बाढ़ की समस्याओं से ग्रसित है। इस्लामाबाद में पहली बार लोग बड़े पैमाने पर प्राकृतिक आपदाओं का समाना कर रहे हैं। कुछ दिन पहले खबर मिली थी कि आधा पाकिस्तान पानी में डूब चुका है। लाखों लोग बाढ़ की वजह से बेघर हो गए और हजारों लोग मारे गए।












Click it and Unblock the Notifications