मक्का में हज करने गए 500 से अधिक लोगों की मौत, 68 भारतीय भी शामिल, जानिए पूरा मामला
गर्मी के बढ़ते प्रकोप की वजह से ना सिर्फ भारत बल्कि दुनिया के अन्य हिस्सों में भी लोगों की जान जा रही है। सऊदी अरब के मक्का में भीषण गर्मी का प्रकोप यहां हज करने आए लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।
भारत से हज करने के लिए मक्का गए 68 लोगों की मौत हो गई है। भारतीय दूतावास के सूत्रों की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है कि इस वर्ष हज करने के लिए आए 68 भारतीयों की गर्मी से मौत हो गई।

सऊदी अरब में भारतीय दूतावास की ओर से जानकारी दी गई कि इस वर्ष मक्का में हज करने आए कई भारतीय लापता हैं। जिसके बाद एक राजनयिक ने अपनी पहचान नहीं बताने की शर्त पर एफपीआई से कहा कि हमने 68 भारतीयों के मारे जाने की पुष्टि की है।
कुछ लोगों की मौत प्राकृतिक कारणों की वजह से हुई है, कई बुजुर्ग लोग भी हज करने के लिए मक्का आए थे। सऊदी के पवित्र शहर मक्का में जिस तरह से पारा अपने चरम पर है, उसकी वजह से इस वर्ष तकरीबन 550 लोगों की मौत हो गई, जो हज करने के लिए यहां आए थे।
राजनयिक ने कहा कि कई भारतीय लापता हैं, लेकिन उन्होंने सही संख्या बताने से इनकार कर दिया। इस तरह के हालात हर वर्ष यहां होते हैं। इस साल भी यहां रिकॉर्ड गर्मी पड़ रही है। गौर करने वाली बात है कि मक्का में हज करने के लिए हर वर्ष लाखों लोग आते हैं। लोग पवित्र माह धु-अल हिज्जा में यहां हज करने के लिए आते हैं।
ऐसी मान्यता है कि हर मुस्लिम व्यक्ति को अपने जीवन में एक बार हज करना चाहिए। पिछले कुछ दशकों की तुलना में इस वर्ष मक्का में रिकॉर्ड गर्मी पड़ी है।
पिछले वर्ष हज करने आए 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। जबकि 2000 से अधिक लोगों की गर्मी की वजह से तबीयत खराब हो गई थी। मक्का में पारा 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।












Click it and Unblock the Notifications