अफगानिस्तान में तेजी से ताकत बढ़ा रहा अल कायदा, फिर कर सकता है अमेरिका पर हमला
काबुल, 15 सितंबर: अफगानिस्तान में तालिबान का शासन लौटने के साथ ही आतंकी संगठन अल कायदा भी वहां खुद को फिर से खड़ा कर रहा है। संगठन ने इतनी तेजी से खुद को मजबूत करने का काम शुरू किया है कि वो एक साल में ही अमेरिका के लिए खतरा बन जाएगा। ब्लूमबर्ग ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अल-कायदा अफगानिस्तान में खुद को संगठित करते हुए एक से दो साल के भीतर फिर से अमेरिका पर हमला कर सकता है।

दो साल के अंदर ताकतवार हो जाएगा ये संगठन
अमेरिका की डिफेंस इंटेलीजेंस एजेंसी के डायरेक्टर लेफ्टिनेंट जनरल स्कॉट बैरियर ने कहा है कि अल कायदा ने तेजी से खुद को खड़ा करने का काम शुरू किया है। एक से दो साल के अंदर ये संगठन इतना ताकतवर हो जाएगा कि वो अमेरिका के लिए खतरा पैदा कर सके।

अमेरिका को अफगानिस्तान पर निगाह रखना जरूरी
रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि अमेरिका अफगानिस्तान में लौटने के रास्तों की तलाश कर रहा है। अमेरिकी अथॉरिटीज अपनी कोशिशों को तेज सी अंजाम दे रहे हैं और आगे भी अफगानिस्तान में पहुंचने की कोशिशें जारी रहेंगी। अमेरिकी रक्षा अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया है कि अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी के साथ ही अमेरिका को यह देखना होगा कि अफगानिस्तान के अंदर क्या चल रहा है और जरूरत पड़ने पर आतंकियों पर एक्शन भी लेना होगा।

अल जवाहिरी ने भी जारी किया है वीडियो
11 सितंबर 2001 में अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड टावर पर हुए हमले के पीछे अल कायदा के होने की बात सामने आई थी। जिसके बाद अमेरिका ने अफगानिस्तान पर हमला किया था। कई साल बाद पाकिस्तान में अक कायदा के सरगना ओसामा बिन लादेन को मार गिराया गया था। इसके बाद अल कायदा कमजोर पड़ गया था लेकिन हाल ही में अल कायदा के मुखिया अयमान अल जवाहिरी का एक वीडियो सामने आने के बाद इस संगठन के दोबारा सक्रिय होने की बात कही जा रही है। जिसको लेकर दुनियाभर में चिंताए हैं।












Click it and Unblock the Notifications