'बाल पकड़कर फर्श पर घसीटा, बुरी तरह पीटा', लंदन के होटल में आधी रात एयर इंडिया की क्रू के साथ मारपीट
एयर इंडिया की महिला क्रू के साथ लंदन के होटल में बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले लंदन के एक होटल में एयर इंडिया के केबिन क्रू सदस्य पर एक अनजान व्यक्ति ने हमला किया। यह घटना गुरुवार रात को हीथ्रो एयरपोर्ट के पास रेडिसन रेड होटल में हुई है।
जानकारी के अनुसार हमलावर को पकड़ लिया गया है और उसे अधिकारियों को सौंप दिया गया। वहीं घायल एयर इंडिया क्रू की सदस्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद क्रू सदस्य को वापस मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया।

रात 1.30 बजे घुसा घुसपैठिया
टाइम्स ऑफ इंडिया के हवाले से एक सूत्र ने बताया कि हमला आधी रात के कुछ समय बाद हुआ। घटना के समय होटल में एयर इंडिया के कई क्रू मेंबर ठहरे हुए थे। रात तकरीबन 1:30 बजे एक घुसपैठिया महिला क्रू सदस्य के कमरे में घुसा, उस दौरान क्रू मेंबर सो रही थी।
बाल पकड़कर फर्श पर घसीटा
वह अचानक चौंककर उठी और मदद के लिए चिल्लाने लगी। हमलावर ने महिला पर कपड़े के हैंगर से हमला किया और जब महिला दरवाजे की ओर भागने की कोशिश कर रही थी तो हमलावर ने महिला का बाल पकड़कर उसे फर्श पर घसीटा।
महिला को आई गंभीर चोट
सूत्रों के अनुसार महिला को गंभीर चोटें आईं है और मौके से हमलावर घुसपैठिया भागने में सफल रहा। घटना के बाद पुलिस को बुलाया गया और महिला को अस्पताल ले जाया गया। घायल अवस्था में महिला क्रू सदस्य ड्यूटी पर वापस नहीं लौट सकती थी, इसलिए चालक दल का एक दोस्त उसके साथ वहीं रुक गया।
होटल की सुरक्षा पर सवाल
एयरलाइन के क्रू ने पहले भी होटल में अपर्याप्त सुरक्षा उपायों के बारे में चिंता जताई थी। क्रू के सदस्यों ने पहले भी इसको लेकर अपनी शिकायत में कहा था कि होटल के गलियारे में अंधेरा रहता है, रिसेप्शन पर कोई नहीं रहता है, अंजान व्यक्ति दरवाजे पर दस्तक देते हैं।
एयर इंडिया ने की पुष्टि
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि एयरलाइन क्रू मेंबर्स को हर संभव मदद मुहैया करा रहा है। साथ ही इस घटना में पीड़ित लोगों की निजता का सम्मान करने की अपील की है।
हम अपने सहकर्मी और टीम को पेशेवर परामर्श सहित हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। एयर इंडिया इस मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के साथ भी काम कर रही है और होटल प्रबंधन के साथ भी मिलकर यह सुनिश्चित कर रही है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
बता दें कि पायलट्स ने लंदन समेत ब्रिटेन के कुछ हिस्सों में सुरक्षा को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर की हैं। पायलट्स का कहना है कि ब्रिटेन के कुछ हिस्सों में कानून-व्यवस्था की स्थिति के कारण वहां हर किसी को सतर्क रहने की जरूरत है। हम इन दिनों लंदन में देर शाम के बाद अकेले बाहर जाने से बचते हैं।
चालक दल के सदस्यों के ठहरने के लिए केवल फुलप्रूफ सुरक्षा व्यवस्था वाले होटलों का ही चयन किया जाना चाहिए, खासकर तब जब वे होटल मध्य लंदन में न होकर बाहरी लंदन में हों। एयरलाइन ने अपने चालक दल और स्टाफ सदस्यों की सुरक्षा और भलाई को वरीयता देने की अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया।












Click it and Unblock the Notifications