Article 370 पर बौखलाए पाकिस्तान को अमेरिका ने दी हिदायत
नई दिल्ली। भारत सरकार ने जिस तरह से जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 को खत्म करने का फैसला लिया, उसके बाद लगातार पाकिस्तान बौखलाहट में फैसले ले रहा है। कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद पाकिस्तान के प्रधाननंत्री इमरान ने भारत के साथ द्विपक्षीय व्यापार पर रोक लगा दी, साथ ही भारत और पाकिस्तान के बीच 9 रास्तों में से 3 एयरस्पेस को बंद कर दिया गया। पाकिस्तान की इस कार्रवाई के बाद अमेरिका ने पाकिस्तान को दो टूक कहा है कि वह किसी भी तरह के तनाव को बढ़ावा ना दे और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करे।

आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करे
अमेरिका की ओर से कहा गया है कि पाकिस्तान एलओसी पर घुसपैठ को रोके और आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। बुधवार को हाउस फॉरेन अफेयर कमेटी और सीनेट फॉरेन रिलेशन कमेटी ने साझा बयान जारी करके पाकिस्तान को हिदायत दी। बयान जारी करते हुए एफएसी के चेयरमैन एलियॉट एल इंगेल और एसएफआरसी के रैंकिंग सदस्य बॉब मेन्डेज ने कहा कि लोकतंत्र में पारदर्शिता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व मुख्य स्तंभ हैं, हमे उम्मीद है कि भारत सरकार जम्मू कश्मीर में इन सिद्धातों का पालन करेगी।

बौखलाहट में ना उठाए कदम
बयान में कहा गया है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के पास यह मौका है कि वह अपने सभी नागरिकों को समान अधिकार और उन्हें कैसे सुरक्षित रखा जाए इसका उदाहरण पेश करे। इसमे सदन में आजादी, जानकारी हासिल करना, कानून के तहत बराबर की सुरक्षा आदि शामिल हैं। वहीं पाकिस्तान को किसी भी तरह के तनाव को बढ़ाने से बचना चाहिए। दरअसल जिस तरह से भारत के फैसले के बाद पाकिस्तान ने बौखलाहट में कदम उठाए उसके बाद अमेरिका की ओर से यह बयान जारी किया गया है।

राजदूत को वापस बुलाया
इमरान खान के आदेश के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच अब व्यापार नहीं होगा। वहीं पाकिस्तान ने अपने राजदूत को वापस बुला लिया है। इन सबके बीच पाकिस्तान ने एक बार फिर से अपने एयरस्पेस बंद कर दिया है। पाकिस्तान ने तीन एयरस्पेस बंद कर दिए हैं। पाकिस्तान ने अपना हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से बंद कर दिया है। पाकिस्तान के इस फैसले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच 9 हवाई रास्तों में से तीन को पाकिस्तान ने भारत के लिए बंद कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications