अब ऑस्ट्रेलिया में कत्लेआम मचाना चाहता था ISIS, 15 हुए गिरफ्तार
कैनबरा। इराक और सीरिया में कत्लेआम का खूनी खेल खेलने के बाद खूंखार आतंकी संगठन आईएसआईएस अब अपने पांव पसार रहा है। दो अमेरिका पत्रकार और एक ब्रिटिश नागरिक का सिर कलम के बाद आईएस आतंकियों ने ऑस्ट्रलिया में भी ऐसा ही खूनी मंजर फैलाने की तरकीब बनाई थी। लेकिन ऑस्ट्रलियाई पुलिस ने उनके नापाक मंसूबों पर पानी फेर दिया।

ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने खुफिया सूचना मिलने के बाद आतंकवाद के खिलाफ अभियान चलाते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया। प्रधानमंत्री टोनी एबॉट ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि इस्लामिक स्टेट के समर्थक देश में कत्लेआम की योजना बना रहे हैं। एबॉट ने यह भी बताया कि आईएसआईएस के एक वरिष्ठ ऑस्ट्रेलियाई सदस्य ने समर्थकों से ऑस्ट्रेलिया में खुलेआम हत्याएं करने को कहा था।
सिडनी और ब्रिसबेन में 800 से अधिक पुलिस अधिकारी इस बड़े अभियान के तहत छापेमारी में शामिल थे, 25 जगहों पर तलाशी के बाद कम से कम 15 लोगों की गिरफ्तारी की गई। माना जाता है कि इनमें से एक इनका मास्टरमाइंड था, जिसे अब अदालत में पेश किया जाएगा।
एबॉट ने संवाददाताओं से कहा कि यह केवल संदेह नहीं है, बल्कि प्रायोजित है और इसलिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने अपने तरीके से कार्रवाई करने का निर्णय किया। रिपोर्ट के मुताबिक, ये संदिग्ध कथित तौर पर फिल्म और सार्वजनिक क्षेत्र से जुड़े किसी सदस्य का अपहरण कर उसका सिर कलम करने की योजना बना रहे थे।
कमिश्नर एंड्रयू कोलविन ने बताया कि गंभीर आतंकवादी अपराधों के आरोपी व्यक्ति को सिडनी में केंद्रीय स्थानीय अदालत में पेश किया जाना है। हालांकि, हमले की तारीख, समय और स्थान के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई।












Click it and Unblock the Notifications