इस चिड़ियाघर में दो लकड़बग्घों के साथ 11 शेर कोरोना पॉजिटिव, कई जानवर बीमार, मचा हड़कंप
डेनवर चिड़ियाघर में बड़ी संख्या में जानवर कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गये हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है।
डेनवर, नवंबर 06: डेनवर चिड़ियाघर में दो हाइना कोरोना वायपर पॉजिटिव पाए गये हैं और दुनिया में पहली बार जानवरों के बीच कोरोना वायरस मिलने का मामला सामने आया है। राष्ट्रीय पशु चिकित्सा सेवा प्रयोगशालाओं (एनवीएसएल) के अनुसार, कई शेरों के बीमार होने के बाद, चिड़ियाघर में चित्तीदार लकड़बग्घा सहित अलग अलग जानवरों के नमूनों का परीक्षण किया गया। जिसमें लकड़बग्घों के सैंपल में कोरोना वायरस पाया गया है। कोलोराडो स्टेट यूनिवर्सिटी की एक प्रयोगशाला में लकड़बग्घों में कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है।

कई जानवर पाए गये पॉजिटिव
रिपोर्ट के मुताबिक, टेस्ट के दौरान डेनवर चिड़ियाघर के कई जानवर कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गये हैं। दो लकड़बग्घों के अलावा, चिड़ियाघर में 11 शेर और दो बाघ भी कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गये हैं। चिड़ियाघर प्रशासन द्वारा जारी बयान के मुताबिक, "हाइना प्रसिद्ध रूप से कठिन, लचीला जानवर हैं जो एंथ्रेक्स, रेबीज और डिस्टेंपर के प्रति अत्यधिक सहिष्णु होने के लिए जाने जाते हैं।'' चिड़ियाघर प्रशासन ने कहा है कि, दोनों लकड़बग्घे पूरी तरह से स्वस्था हैं उन्हें किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हो रही है। चिड़ियाघर के अधिकारियों ने कहा कि दोनों लकड़बग्घे, 22 साल के नोगोजी और 23 साल के किबो में हल्के लक्षण थे, जिनमें हल्की सुस्ती और खांसी देखा गया था, जिसके बाद उनका परीक्षण किया गया था।

पूरी तरह ठीक हो रहे जानवर
चिड़ियाघर प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि हाल के हफ्तों में पॉजिटिव पाए गये सभी जानवर पूरी तरह से ठीक हो गये हैं और कई जानवर रिकवर कर रहे हैं। चिड़ियाघर प्रशासन ने कहा है कि, "अब हम जानते हैं कि कई रिपोर्टों के आधार पर कई अन्य प्रजातियां कोविड -19 के लिए अतिसंवेदनशील हो सकती हैं, और हम अपने सभी 3,000 जानवरों और 450 विभिन्न प्रजातियों की उच्चतम स्तर पर देखभाल करते हैं"

दुनिया में कई प्रजातियों में संक्रमण
एनवीएसएल की देखरेख करने वाले अमेरिकी कृषि विभाग के अनुसार, दुनिया भर में कई प्रजातियों में संक्रमण की सूचना मिली है, ज्यादातर जानवर, जो कोविड-19 संक्रमित हुए हैं, वो किसी पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आने की वजह से हुए हैं। अमेरिकी कृषि विभाग ने कहा कि, वैज्ञानिक अभी भी जानवरों में कोरोनावायरस संक्रमण के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं और रिसर्च कर रहे हैं। लेकिन उपलब्ध जानकारी के आधार पर जानवरों के लोगों में वायरस फैलने का जोखिम कम था। रिपोर्ट में कहा गया है, कोविड-19 वाले लोगों को पालतू जानवरों सहित जानवरों के निकट संपर्क से बचना चाहिए, ताकि उन्हें संभावित संक्रमण से बचाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications