भारतीय को सऊदी अरब में मिली 300 कोड़ों की सजा, मां ने सुषमा स्वराज से लगाई रिहाई की गुहार
सऊदी अरब में सजा पाए शख्स की मां ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से बेटे की रिहाई की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि बेटे को उस जुर्म की सजा दी जा रही है, जो उसने किया ही नहीं है।
हैदराबाद। हैदराबाद के मलकपट के रहने वाले मोहम्मद मंसूर हुसैन को सऊदी अरब में लूट के एक मामले में 300 कोड़े और एक साल की कैद की सजा सुनाई गई है। शख्स का कहना है कि उसने किसी लूट को अंजाम नहीं दिया है और उसको एक ऐसे काम की सजा दी जा रही है, जो उसने किया ही नहीं। हुसैन की मां हूर उनीसा ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से इस बाबत गुहार लगाई है। हूर ने बेटे को बेकसूर बताते हुए विदेश मंत्री से उसकी रिहाई की दरख्वास्त की है। हुसैन सऊदी अरब की वादी अल दावेसर जेल में बंद है।
25 अगस्त 2016 को सऊदी अरब में नौकरी करने वाले मोहम्मद मंसूर हुसैन की जिदंगी अचानक बदल गई। मार्च 2013 से रियाद की कंपनी अब्देल हादी अब्दुल्ला अल खतानी लिमिटेड में मार्केटिंग ऑडिटर के पद पर काम करने वाले हुसैन 25 अगस्त को एक बैंक में एक लाख छह हजार रियाल दमा कराने गए थे। एमबीए की पढ़ाई करने वाले हुसैन जब ये रियाल लेकर बैंक पर पहुंचे तो दो लोगों ने हथियारों के बल पर उनसे बैग छीन लिया और बिना रजिस्ट्रेशन की गाड़ी से फरार हो गए।
शिकायत कराने गए, तो पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार
अपने साथ हुई घटना की जानकारी हुसैन ने अपने बॉस को दी तो उसने उसे पुलिस स्टेशन जाकर मामला दर्ज कराने की बात कही। हुसैन जब पुलिस स्टेशन पहुंचा तो पुलिस ने हुसैन को ही इस लूट को अंजाम देने वाला बताकर गिरफ्तार कर लिया। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक ये सारी बातें बातें हुसैन की मां हूर ने सुषमा स्वराज को लिखी हैं। इसके बाद हुसैन को जेल में डाल दिया गया। जहां उसे लूट के आरोप में एक साल की जेल और 300 कोड़ो की सजा दी गई है। सजा मिलने की खबर के बाद हुसैन का परिवार बुरी तरह से घबराया हुआ है।
पढ़ें- ट्विटर पर बिना हिजाब के तस्वीर शेयर करके फंसी महिला, पुलिस ने किया गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications