ट्विटर पर बिना हिजाब के तस्वीर शेयर करके फंसी महिला, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि आम नैतिकता को बरकरार रखने और नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
रियाध। सऊदी अरब की राजधानी में पुलिस ने सोमवार एक महिला को सोशल मीडिया पर तस्वीर पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। महिला ने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर बिना हिजाब के तस्वीर शेयर की थी।

सड़क पर खिंचवाई थी तस्वीर
रियाध पुलिस के प्रवक्ता खवाज-अल-मैमन ने महिला के नाम का खुलासा नहीं किया लेकिन ज्यादातर वेबसाइट्स के मुताबिक महिला का नाम मलाक-अल-शेहरी है। उसने बीते महीने रियाध की सड़क पर बिना हिजाब के तस्वीर खिंचवाई थी और उसे ट्विटर पर पोस्ट भी कर दिया।
कानूनन हिजाब पहनना है जरूरी
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि आम नैतिकता को बरकरार रखने और नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए पुलिस ने यह कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि महिला ने रियाध के मशहूर कैफे के पास सड़क पर बिना हिजाब के तस्वीर खिंचवाई थी। सऊदी सोसाइटी में सार्वजनिक जगह पर हिजाब पहनना जरूरी है।
महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उस पर गैर-पुरुष के बारे में खुलकर बोलने का भी आरोप लगा है जो कि सऊदी में प्रतिबंधित है।
'महिला ने तोड़े हैं कानून'
पुलिस प्रवक्ता ने कहा, 'रियाध पुलिस ने जांच में पाया है कि इस महिला ने कानून तोड़े हैं। देश के कानून के खिलाफ जाकर उसने काम किए हैं। लोगों को इस्लाम की शिक्षा को समझना चाहिए।'
बता दें कि सऊदी अरब उन देशों में है जहां महिलाओं पर काफी कड़े कानून लागू किए जाते हैं। यह दुनिया का इकलौता ऐसा देश है जहां महिलाओं को ड्राइविंग की आजादी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications