कांग्रेस का नेता बहनों के घरों में चूल्हा नहीं जलने देने की धमकी दे रहा: CM शिवराज सिंह चौहान
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सीएम शिवराज सिंह चौहान हर दिन ताबड़तोड़ सभाएं कर रहें हैं। शनिवार को भी मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मनावर, गंधवानी, सरदारपुर, धार समेत इंदौर की चार विधानसभाओं में देर रात तक रोड शो कर कुल 10 चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
सीएम ने कहा कि कमलनाथ ने सवा साल में मध्यप्रदेश को तबाह और बर्बाद कर दिया था। वल्लभ भवन को भ्रष्टाचार और दलालों का अड्डा बना दिया था। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि, कांग्रेस ने प्रदेश में विकास की एक ईट भी नहीं लगाई है। मध्यप्रदेश का विकास केवल भाजपा सरकार ने ही किया है।

समूह की बहनों की तरफ आँख उठाने वालों, छोड़ूंगा नहीं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जनसभा के दौरान कहा कि, कांग्रेस का एक नेता मेरी स्व-सहायता समूह की बहनों को धमकी दे रहें है। कह रहें हैं कि, अगर तुमने गड़बड़ की तो तुम्हारे घर में चूल्हा नहीं जलने दूंगा तुम्हारे बच्चों का खाना छीन लूंगा। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जी सुन लेना, ये मेरी बहनें हैं भांजे भांजियां हैं। तुम मेरे बारे में कुछ भी कहो सहन कर लूंगा, लेकिन अगर मेरी बहनों की तरफ कोई आंख उठी या हाथ उठा तो मैं किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ूंगा। उन्होंने कहा मेरे भांजे भांजियों का भोजन छीनने की धमकी देने वालो शिवराज सिंह चौहान ऐसे लोगों को छोड़ेगा नहीं ना जीने दूंगा ना मरने दूंगा।
सीएम की तारीफ में पीएम बोले मामा याद आ ही जाता है
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को रतलाम में विशाल चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज की तारीफ करते हुए कहा कि, अब मध्यप्रदेश में जब भी बहन को याद करो तो मामा याद आ ही जाता है। यहाँ की हजारों महिलाएं लखपति बनी हैं। बहनों के नाम पर पहली बार संपत्ति बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि, मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने बैंक खातों के माध्यम से बहन-बेटियों तक सीधी सहायता पहुंचाई। लाड़ली बहना योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना की प्रशंसा आज पूरे देश में हो रही है। जनजाति नायकों और वीरांगनाओं को मध्यप्रदेश में की भूमि पर सम्मान मिला है, जबलपुर में रानी दुर्गावती स्मारक बनाया यहां शिवराज के साथ मैं भी शामिल हुआ।
इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी जी की प्रसंशा करते हुए कहा कि, हम सभी बहुत ही सौभाग्यशाली है, हमने उस समय जन्म लिया है जब नरेन्द्र मोदी जी देश के प्रधानमंत्री हैं। प्रधानमंत्री ने देश का मान पूरे विश्व में बढ़ाया, और मोदी जी के आशीर्वाद से हमने मध्यप्रदेश के विकास में और जनता के कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

कांग्रेस के झांसे में मत आना
मुख्यमंत्री शिवराज ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, कांग्रेस की सरकार ने सवा साल में ही प्रदेश में चल रही सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया था। कमलनाथ ने संबंल योजना बंद कर दी थी। बेटियों की शादी तो करवा दी, लेकिन उनका पैसा नहीं दिया। बड़े-बुजुर्गों के लिए हमने तीर्थ दर्शन योजना शुरू की थी, कांग्रेस ने बुजुर्गों की इस योजना को भी बंद कर दिया। इसके अलावा मेधावी छात्र-छात्राओं को अच्छे अंक लाने पर लैपटॉप दिया जाता था, वो भी बंद। बच्चों की साइकिलें बंद। इतना ही नहीं कमलनाथ तो बैगा, भारिया, सहरिया बहनों के पैसे तक डकार गए। सीएम शिवराज ने कहा कि, कांग्रेस के झांसे में मत आना नहीं तो कांग्रेसी सभी जनहित की योजनाओं पर ताला लगा देंगे।

बहन-बेटियों के सम्मान को कांग्रेसी नौटंकी कहते हैं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, इस जगत में जितनी स्त्रियां हैं वो देवी की मूर्तियां है और मैं बहन बेटियों की पूजा करता हूं। मैं उनके पांव पखारता हूं लेकिन कांग्रेस को ये बहन-बेटियों की पूजा, कन्याभोज नाटक-नौटंकी लगती है। मैं हर कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन कर करता हूं और हमेशा करता रहूंगा। दिग्विजय और कमलनाथ, बहन बेटियों को आइटम जैसे अपशब्द कह कर संबोधित करते हैं। यही कांग्रेस के संस्कार और घटिया मानसिकता है।
उन्होंने कहा कि, ये मेरा संकल्प है कि, मैं बहन-बेटी की जिंदगी में अंधेरा नहीं रहने दूंगा। मैं बहनों का सगा भैया हूं और भांजे भांजियों का मामा हूं। श्री चौहान ने कहा कि, आने वाले पांच सालों में हर बहन को लखपति दीदी बनाना है। घर का कामकाज करते हुए हर बहन की आमदनी 10 हजार रूपए महीना करना है।












Click it and Unblock the Notifications