Indore News: इंदौर में चलेगी नाव, सरस्वती नदी में पर्यटक करेंगे नौका विहार, तैयारी पूरी
मध्यप्रदेश में इंदौर नगर पालिक निगम द्वारा जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। जिसके अंतर्गत 100 से अधिक बावड़ियों को पुनर्जीवित किया गया है, जिसके माध्यम से भूजल स्तर को बेहतर करने में बड़ी सफलता प्राप्त हुई है।
इसी क्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा गणगौर घाट, कृष्णपुरा घाट और नगर निगम के सामने के घाट को भी नए स्वरूप में तैयार करने तथा अमितेश नगर की सरस्वती नदी पर नौका विहार की भी योजना बनाई जा रही है।

इंदौर की नदियाँ, तालाब, कुएँ, बावड़ियाँ और ऐतिहासिक घाट केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक हैं। इनका संरक्षण, सौंदर्यीकरण और पुनरुद्धार हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। इंदौर के जल स्रोतों और घाटों के पुनरुद्धार के संकल्प के साथ इंदौर नगर पालिक निगम ने जल स्रोतों के संवर्धन और सफाई का व्यापक अभियान शुरू किया है। हमारी प्राथमिकता है कि पुराने घाटों की गाद निकाली जाए, उन्हें स्वच्छ और सुंदर बनाया जाए, ताकि यहाँ फिर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो सकें।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने माँ अहिल्या की धर्मनगरी इंदौर में छठ पूजा महोत्सव के लिए तीन नए घाटों के निर्माण की घोषणा भी की है, जिसे यथाशीघ्र पूर्ण करने हेतु इंदौर नगर पालिक निगम दृढ़ संकल्पित है। हमारा लक्ष्य केवल जल स्रोतों की सफाई नहीं, बल्कि उन्हें एक जीवंत सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। निश्चितरूप से इन सार्थक प्रयासों के माध्यम से इंदौर की नदियाँ और घाट पुनः अपने ऐतिहासिक स्वरूप एवं वैभव को प्राप्त कर शहर की संस्कृति का अभिन्न अंग बनकर हमें गौरवान्वित करेंगे।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने रविवार को इंदौर की प्रमुख नदियों और घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि, शहर के जल स्रोतों- नदी, तालाब, कुएँ, बावड़ी- का संरक्षण और स्वच्छता सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। घाटों का सौंदर्यीकरण, सीवरेज-ड्रेनेज के पानी को नदी में जाने से रोकना और गाद निकालने का कार्य नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। महापौर ने जोर देकर कहा कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व रखने वाले घाटों को संरक्षित कर वहाँ सांस्कृतिक कार्यक्रमों को पुनर्जीवित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जल कार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा (बबलू), अपर आयुक्त रोहित सीसोनिया सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सरस्वती नदी पर नौका विहार
अमितेश नगर स्थित सरस्वती नदी में नाव संचालन की योजना बनाई गई है, जिससे शहरवासियों को एक नया पर्यटन अनुभव मिलेगा।
घाटों का सौंदर्यीकरण
गणगौर घाट और कृष्णपुरा घाट का नया स्वरूप तैयार किया जाएगा, जिससे ये और अधिक आकर्षक बन सकें।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा
पुराने घाटों को संवारकर यहाँ धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को बढ़ावा दिया जाएगा।
जल स्रोतों का पुनर्जीवन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विजन के तहत अब तक 100 से अधिक बावड़ियों का पुनर्जीवन किया जा चुका है, जिससे जल संरक्षण को बल मिला है।
छठ पूजा घाट निर्माण
मुख्यमंत्री द्वारा इंदौर में छठ पूजा के लिए तीन नए घाट बनाने की घोषणा की गई थी, जिसे नगर निगम प्राथमिकता से पूरा करेगा। महापौर ने कहा कि, नदियों की सफाई और संरक्षण एक बड़ी चुनौती है, लेकिन नगर निगम इसे सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ये भी पढ़े- Indore News: तालाब किनारे से हटेगा अतिक्रमण, इस कॉलोनी में चलेगा बुलडोजर












Click it and Unblock the Notifications