MP : TV सुधारकर नहीं दे रहा था मैकेनिक, गुस्साए रिटायर्ड फौजी ने दनादन मार दी गोली
इंदौर, 13 सितंबर : प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में लगातार अपराध बढ़ते चले जा रहे हैं, जहां आए दिन अलग-अलग तरीकों से अपराध करने का सिलसिला जारी है। वहीं इंदौर से एक ऐसा घटनाक्रम निकल कर सामने आया है, जिसमें सभी को हिलाकर रख दिया। दरअसल, यहां महू में रिटायर्ड फौजी ने टीवी मैकेनिक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। रिटायर्ड फौजी ने दुकान पर बैठे मैकेनिक पर तीन से चार गोलियां चलाई। इसके बाद खुद एक्टिवा से एडीशनल एसपी कार्यालय पहुंचकर सरेंडर किया। बताया जा रहा है कि, मैकेनिक 2 महीने से रिटायर्ड फौजी की टीवी रखे हुए था। बार-बार कहने के बाद भी सुधारकर नहीं दे रहा था। इससे नाराज होकर रिटायर्ड फौजी ने इस वारदात को अंजाम दिया।

इस कारण दिया वारदात को अंजाम
यह पूरा घटनाक्रम प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के पास महू के गोगुल गंज इलाके में हुआ। यहां टीवी मैकेनिक की शॉप थी। मैकेनिक दुकान पर काम कर रहा था, तभी रिटायर्ड फौजी उसके पास पहुंचा, और अपनी लाइसेंसी बंदूक से उस पर चार फायर किए। बताया जा रहा है कि, दो गोलियां मैकेनिक को लगी। मैकेनिक को घायल अवस्था में शहर के ही एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो चुकी थी। घटनाक्रम के बाद जब रिटायर्ड फौजी से पूछा गया कि उसने हत्या क्यों की, तो बोला- स्ट्रेस में था।
कुछ इस तरह दिया वारदात को अंजाम
पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, आरोपी इंदौर का रहने वाला है। लगभग दो महीने से आरोपी, टीवी मैकेनिक के यहां चक्कर लगा रहा था। बताया जा रहा है की, घटनाक्रम से पहले आरोपी और टीवी मैकेनिक की फोन पर बहस भी हुई थी। हत्या के बाद वह सीधा ऑफिस आया, और पुलिसकर्मियों से बोला- मैं दुकानदार को गोली मारकर आया हूं। सरेंडर कर रहा हूं। वहीं अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है। उधर, इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।












Click it and Unblock the Notifications