11 या 12 अगस्त, जानिए MP में किस दिन मनेगा रक्षाबंधन का पर्व
इंदौर, 9 अगस्त: देशभर में इन दिनों रक्षाबंधन पर्व धूमधाम से मनाने को लेकर तैयारियां जारी है, जहां बाजारों में लोग राखियां खरीदते नजर आ रहे हैं। वहीं इस बार रक्षाबंधन त्यौहार को लेकर लोगों में अच्छा खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। लेकिन इस बार रक्षाबंधन का पर्व किस तारीख को मनाया जाए, इसे लेकर असमंजस की स्थिति बरकरार है। हिंदू पंचांग के अनुसार श्रावण मास की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 11 अगस्त यानी गुरुवार के दिन 10 बजकर 38 मिनट से शुरू होकर अगले दिन यानी 12 अगस्त को शुक्रवार सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर समाप्त होगी। यही कारण है कि, ज्योतिषाचार्य 11 अगस्त को ही रक्षाबंधन का पर्व मनाने की बात कहते नजर आ रहे हैं।

11 अगस्त को रहेगा भद्रा का साया
ज्योतिषाचार्यों की मानें तो 11 अगस्त को भद्रा का साया भी रहेगा। इस दिन भद्रा सुबह 10 बजकर 39 मिनट से रात 8 बजकर 52 मिनट तक रहेगी। इस तरह से 11 अगस्त यानी गुरुवार को पूर्णिमा तो रहेगी, लेकिन भद्रा के चलते रक्षाबंधन का पर्व रात 8 बजकर 52 मिनट के बाद से ही मनाया जा सकता है। सामान्यतः भद्रा में शुभ कार्यों को वर्जित माना जाता है। यही कारण है कि, कुछ लोग 12 अगस्त को रक्षाबंधन मनाने के पक्ष में नजर आ रहे हैं।

11 अगस्त को ही मनेगा रक्षाबंधन
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 11 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व मनाना उचित रहेगा, क्योंकि अगले दिन यानी 12 अगस्त को पूर्णिमा तिथि पर त्रिमुहूर्त ना होने से रक्षाबंधन मनाना शास्त्र सम्मत नहीं होगा। 11 अगस्त को रक्षाबंधन पर तीन शुभ योगों का निर्माण भी हो रहा है, जिसमें आयुष्मान, रवि और शोभन योग बन रहे हैं। इन शुभ योगों में रक्षा सूत्र बांधा अत्यंत ही शुभ माना गया है।

11 अगस्त को इस मुहूर्त में मनेगा रक्षाबंधन
इस बार 11 अगस्त यानी रक्षाबंधन पर्व के दिन भद्रा का साया रहेगा। ऐसे में अभिजीत मुहूर्त में राखी बांधी जा सकती है। 11 अगस्त को सुबह 11 बजकर 37 मिनट से 12 बजकर 29 मिनट तक अभिजीत मुहूर्त रहेगा। शास्त्रों में अभिजीत मुहूर्त को मुहूर्तो में सबसे अच्छा और शुभ मुहूर्त माना गया है, इसके अलावा दोपहर 2 बजकर 14 मिनट से 3 बजकर 07 मिनट तक विजय मुहूर्त रहेगा, जहां इन सभी शुभ मुहूर्त में राखी बांधना बेहद शुभ माना जाता है।

रक्षाबंधन पर्व को लेकर लोगों में उत्साह
रक्षाबंधन पर्व को लेकर इन दिनों लोगों में अच्छा खासा उत्साह देखने मिल रहा है, जहां लोग बाजारों में राखियों के साथ ही अलग-अलग सामग्रियों की खरीदारी करते नजर आ रहे हैं, तो वहीं रेल, बस और अन्य यातायात के साधनों में भी अब भीड़ नजर आने लगी है। रक्षाबंधन का पर्व 11 अगस्त को मनाया जाएगा, जहां इसे लेकर तैयारियों का सिलसिला जारी है।












Click it and Unblock the Notifications